जलडेगा: प्रखंड के लमडेगा पंचायत अंतर्गत बनजोगा में ग्राम सभा उपाध्यक्ष नेलन तोपनो की अध्यक्षता में लीड्स संस्था द्वारा ग्राम सभा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संस्था के प्रखंड परियोजना समन्वयक आलोक कुमार ने ग्रामीणों को मनरेगा, पीएम आवास, अबुआ आवास, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, श्रमिक निबंधन, कृषि और आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर योजनाओं से जुड़ने की प्रकिया को बताया और अपने हक अधिकारों के लिए आगे आकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव में के महिला एवं पुरुषों को नशा नहीं करने की अपील की। और कहा कि नशा देश की युवा पीढ़ी को दलदल की ओर ले जा रहा है। यदि युवाओं को नशा करने से न रोका गया तो देश का भविष्य बचा पाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। नशे के कारण, जहां लोग अपना शरीर बर्बाद कर रहे हैं। वहीं कई बार नशा घरों के टूटने का कारण भी बन रहा है। नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। तभी हम अपने बच्चों को नशे से बचा सकते हैं। कई बार गलत संगत भी युवाओं को नशे का आदि बना देती। मां बाप को अपने बच्चों की हरकत पर नजर रखनी चाहिए। ऐसा करने से हमें पता लगता रहता है कि हमारे बच्चे कैसी संगत में रह रहे हैं और उसका उस पर क्या असर हो रहा है। उन्होंने गांव की महिलाओं को शराब नहीं बनाने की अपील की और ग्राम सभा के माध्यम से पूरे गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में लीड्स संस्था के कार्यकर्ता मनोज बिंझिया, मुखिया बिपिन बडिंग, ग्राम सभा सचिव बेंजामिन तोपनो, गुडवन बडिंग, हेलेन लुगुन, घुरन मांझी, सेब्रेनियूस तोपनो सहित कई अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
