बंदुआ गांव में दो महीने बाद लौटी बिजली की रोशनी, मुख्तार आलम ने किया नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन

डुमरी : प्रखंड के बंदुआ गांव के ग्रामीणों के लिए बुधवार का दिन खुशियां लेकर आया। पिछले दो महीनों से अंधेरे में डूबे इस गांव में आखिरकार बिजली बहाल हो गई है। असंगठित कामगार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सह 20 सूत्री सदस्य मुख्तार आलम की पहल पर गांव में 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिसका उन्होंने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया।बंदुआ गांव में पिछले दो महीनों से ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप थी। बिजली न होने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था और खेती से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही थी। ग्रामीण लगातार विभाग से गुहार लगा रहे थे, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा था।समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस के एससी मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष नारायण रजक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्तार आलम से मुलाकात कर उन्हें एक मांग पत्र सौंपा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री आलम ने तत्काल बिजली विभाग के मुख्य अभियंता से संपर्क किया और वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उनके कड़े रुख और सक्रियता के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के लिए नया ट्रांसफार्मर आवंटित किया।नए ट्रांसफार्मर के उद्घाटन के अवसर पर ग्रामीणों ने मुख्तार आलम का पारंपरिक तरीके से और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बिजली वापस आने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और हर्ष व्यक्त किया।इस मौके पर प्रवीण तिर्की, क्रिस्टोफर कुजूर, कोमल मिंज, विजय कुजूर, अमृत किंडो, राजेश टोप्पो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

चैनपुर में तीन लैंपस का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा ₹24.50 प्रति किलो धान का मूल्य

चैनपुर: चैनपुर प्रखंड मुख्यालय चैनपुर में सोमवार को प्रखंड के तीन महत्वपूर्ण लैंपस कार्यालयों – छीछवानी, बरवेनगर, और कुरूमगाड़ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन केंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को उनकी धान की फसल का उचित मूल्य मिलना सुनिश्चित हो गया है।चैनपुर प्रखंड परिसर में स्थित छीछवानी लैंपस पैक्स का उद्घाटन उप प्रमुख प्रमोद खलखो और अंचल अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।कुरूमगाड़ लैंपस कार्यालय का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, थाना प्रभारी मोहन सिंह,बीटीएम राजेंद्र तिर्की, और कृषि पदाधिकारी विश्वरम केवट ने विधिवत तरीके से संपन्न किया।उद्घाटन के मौके पर उपस्थित अतिथियों ने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी धान की बिक्री स्थानीय बाजारों में बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि: “इस लैंपस केंद्र में किसानों को धान का ₹24.50 पैसे प्रति किलो के दर पर मूल्य दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें बोनस भी मिलेगा। यह मूल्य बाजार की तुलना में काफी अधिक लाभदायक है।”अधिकारियों ने लैंपस केंद्र की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को बताया कि अपनी फसल धान की सही कीमत प्राप्त करने के लिए लैंपस केंद्र ही सबसे अच्छा विकल्प है।इस अवसर पर मुख्य रूप से उप प्रमुख प्रमोद खलखो, अंचल निरीक्षक, लैंपस अधिकारी, कुरूमगाड़ थाना प्रभारी मोहन सिंह, कई अंचल कर्मी, और कई स्थानीय किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सिमडेगा में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान खरीद शुरू

 किसानों को मिलेगा ₹2450 प्रति क्विंटल एमएसपी

सिमडेगा : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू कर दी गई है। जिले में धान खरीद का विधिवत शुभारंभ बानो प्रखंड के सिम्हातु लैम्पस में विधायक तोरपा सुदिप गुड़िया एवं उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बुजुर्ग माता-पिताओं के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बानो प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।वहीं ठेठईटांगर प्रखंड के मेरोमडेगा लैम्पस में सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, मेरोमडेगा मुखिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से धान खरीद का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा अन्य लैम्पसों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने धान खरीद व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों और लैम्पस प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।राज्य सरकार द्वारा धान क्रय हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। जिले में कुल 16 चयनित लैम्पसों के माध्यम से धान खरीद की जानी है, जिसमें प्रथम दिन 12 लैम्पसों में खरीद प्रारंभ की गई। इनमें सिमडेगा प्रखंड के अरानी, ठेठईटांगर के मेरोमडेगा एवं पाईकपारा, कुरडेग के कुरडेग, चड़रीमुण्डा एवं डुमरडीह, पाकरटांड़ के क्रूशकेला, कोलेबिरा के रसिया, बानो के सिम्हातु एवं गेनमेर तथा जलडेगा के टिनगिना एवं परबा लैम्पस शामिल हैं।डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ई-उपार्जन मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है, जिसे ई-उपार्जन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से किसान स्वयं पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी क्रय केंद्रों पर 4G सक्षम ई-पॉस मशीनों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।जो किसान अब तक ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे ई-उपार्जन पोर्टल या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैम्पस में ही धान बेचें और बिचौलियों के झांसे में आकर कम दाम पर धान न बेचें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन 1967 या 18002125512 पर संपर्क कर सकते हैं।

सिमडेगा : भाजपा के 8 मंडलों के मंडल अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न

सिमडेगा:भारतीय जनता पार्टी सिमडेगा जिला कार्यालय में रविवार को संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत मंडल अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव जिला चुनाव प्रभारी किशलय तिवारी की देखरेख में कराया गया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, चुनाव सह प्रभारी श्रद्धानन्द बेसरा एवं दुर्गविजय सिंहदेव की उपस्थिति में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।चुनाव प्रक्रिया के उपरांत जिन मंडलों के मंडल अध्यक्ष घोषित किए गए, उनमें बानो मंडल से बालमुकुंद सिंह, सिमडेगा नगर से कुमार चन्दन प्रसुन्न, पाकरटांड़ से सीताराम प्रसाद, केरसई से विकास कुमार, बीरु मंडल से कुलदीप मिश्रा, जलडेगा से जोगेश्वर बिंझिया तथा कोलेबिरा मंडल से अशोक इंदवार शामिल हैं। सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को पार्टी नेतृत्व द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।मौके पर नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना मंडल अध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। पार्टी की नीतियों एवं केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। चुनाव सम्पन्न होने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

कुरडेग: तीनों धान अधिप्राप्ति केंद्रों का उद्घाटन, पहले दिन हुई 682 क्विंटल से अधिक धान की खरीद

कुरडेग :प्रखंड के तीनों धान अधिप्राप्ति केंद्रों में धान की खरीद प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई। कुरडेग लैम्पस स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन जिप उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक जयसवाल, शीतल तिर्की, गुड्डू खान, उपप्रमुख अजय जयसवाल, प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष वाल्टर टोप्पो एवं बीडीओ नैमन कुजूर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।डूमरडीह धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन जिप उपाध्यक्ष सह मुखिया महेश्वर साय और रजनी कुजूर द्वारा किया गया। वहीं चाडरीमुंडा धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन मुखिया अनासतसिया खलखो ने किया।धान अधिप्राप्ति केंद्रों के पहले दिन कुरडेग केंद्र में 267 क्विंटल 60 किलो, डूमरडीह केंद्र में 185 क्विंटल 20 किलो तथा चाडरीमुंडा केंद्र में 230 क्विंटल धान की खरीद की गई। इस प्रकार कुल 682 क्विंटल 80 किलो धान की खरीद दर्ज की गई। इस वर्ष सरकार द्वारा किसानों से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जा रही है, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया।इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी जोनसन बुढ़, मुखिया उर्मिला कुजूर, बीटीएम अनु सोफिया एक्का, लैम्पस प्रबंधक दिलीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं कर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अधिप्राप्ति केंद्रों पर पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान बिक्री का लाभ उठाएं।

झारखंडी स्वाद ने जीता राष्ट्रीय मंच, सरस फूड फेस्टिवल में सिमडेगा की दीदियों को मिला सम्मान

सिमडेगा: सुंदर नर्सरी के समीप आयोजित सरस फूड फेस्टिवल 2025 का समापन बुधवार को भव्य माहौल में हुआ, जिसमें झारखंड के सिमडेगा जिले की स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने अपनी पारंपरिक पाक-कला से राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान बनाई। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।29 नवंबर से 9 दिसंबर तक आयोजित इस फेस्टिवल में देशभर के स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया। सिमडेगा के ठेठईटांगर प्रखंड की दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल ने झारखंडी व्यंजनों की प्रामाणिकता, स्वाद और संस्कृति की अनूठी झलक पेश की। इनके द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों और उत्पादों ने बड़ी संख्या में आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया और झारखंडी पाक-परंपरा को नए स्तर पर स्थापित किया।समापन समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने सिमडेगा के स्टॉल का भ्रमण कर दीदियों की मेहनत, उत्पादों की गुणवत्ता और पारंपरिक व्यंजनों की विविधता की सराहना की। झारखंडी व्यंजनों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फेस्टिवल के अंतिम दिनों तक इनकी मांग लगातार बनी रही।कार्यक्रम के अंत में सिमडेगा की सहभागी महिलाओं को भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं अवर सचिव द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान ग्रामीण महिलाओं के कौशल, परिश्रम और उद्यमिता की राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि है, जिसने न केवल सिमडेगा बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।सरस फूड फेस्टिवल 2025 ने साबित किया कि ग्रामीण महिलाओं की पाक-कला और उद्यमिता देश की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस उपलब्धि से सिमडेगा की दीदियों के लिए भविष्य में नए अवसरों के द्वार खुलने की उम्मीद है।

मुख्य सड़क से सटाकर लगाए गए भारी-भरकम खंभे, कंक्रीट से जाम करना भूला ठेकेदार

गुमला-चैनपुर मुख्य मार्ग पर बढ़ी दुर्घटना की आशंका, मुखिया ने भी उठाए सवाल

चैनपुर : चैनपुर प्रखंड के बेंदोरा गाँव में केंद्र सरकार की ‘हर घर बिजली’ पहुँचाने की महत्त्वाकांक्षी योजना ठेकेदार की घोर लापरवाही की भेंट चढ़ती नज़र आ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गाँव में बिजली के खंभे (पोल) लगाने में भयंकर अनियमितता बरती जा रही है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

अस्थिर खड़े हैं पोल, मुख्य मार्ग पर मंडरा रहा खतरा

गुमला-चैनपुर के मुख्य मार्ग से सटे बेंदोरा गाँव में बिजली के खंभे गाड़ने के लिए गड्ढे खोदे गए और पोल खड़े भी कर दिए गए। लेकिन, एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इन भारी-भरकम खंभों को ज़मीन में कंक्रीट से जाम (फिक्स) नहीं किया गया है।हालात यह है कि ये बिजली के पोल महज मिट्टी के सहारे अस्थिर खड़े हैं और कभी भी गिर सकते हैं।इससे भी गंभीर स्थिति यह है कि ये अस्थिर पोल सड़क से बिल्कुल सटाकर लगाए गए हैं। यह गुमला-चैनपुर का मुख्य रास्ता है, जहाँ दिन-भर वाहनों और पैदल यात्रियों का भारी आवागमन रहता है। चूंकि खंभे मज़बूती से गड़े नहीं हैं, ऐसे में किसी भी वाहन के छू जाने या हल्की सी आंधी आने पर भी इनके सीधे सड़क पर गिरने का जानलेवा खतरा बना हुआ है।

“दुर्घटना को आमंत्रित कर रहा विभाग”: ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीण ठेकेदार की मनमानी से बेहद नाराज़ हैं। उनका कहना है कि सड़क से इतना सटकर बिजली पोल गाड़ने से वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। दोनों ओर से बड़े वाहन आने पर पार करने में भी काफी दिक्कत होती है, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है।ठेकेदार की इस जानलेवा लापरवाही पर बेन्दोरा गांव के धर्मदेव महतो, प्रफ्फुल उरांव, अमासी देवी, अविनाश तुरी, शिव शंकर तुरी, राजेश उरांव, रोहित तुरी, पुष्पा तिग्गा और मंगल महतो सहित कई ग्रामीणों ने मौके पर विरोध जताया।

मुखिया ने की तत्काल कार्रवाई की मांग

इस गंभीर मुद्दे पर बेन्दोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज ने कहा कि “सड़क से सटाकर बिजली का पोल लगाना सीधे तौर पर दुर्घटना को आमंत्रित करना है।” उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत की है।
मुखिया मिंज ने ज़िला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग करते हुए कहा कि, “विभाग को इस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। मैं मांग करूंगा कि पोल को सड़क से उचित दूरी पर और पूरी मज़बूती के साथ लगाया जाए, ताकि राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।”

ज़िला प्रशासन और विभाग से गुहार

ग्रामीणों ने ज़िला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस जानलेवा लापरवाही पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। उन्होंने निर्देश देने की अपील की है कि ठेकेदार को पोल सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगाने और उन्हें तुरंत मज़बूती से कंक्रीट से जाम करने का काम पूरा किया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

तेज रफ़्तार होंडा सिटी दुर्घटनाग्रस्त, एयरबैग खुलने से बची चालक की जान

चैनपुर : गुमला से चैनपुर की ओर आ रही एक तेज रफ़्तार होंडा सिटी कार गाड़ी संख्या जएच–09–एबी–8080 शुक्रवार देर रात करीब 9:30 बजे चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के पीपल चौक के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक बोर्ड से टकरा गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ़्तार बहुत तेज थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि चालक कथित तौर पर नशे में धुत था, जिसके कारण कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे लगे बोर्ड से जा टकराई।हादसे की भीषणता के बावजूद, कार में लगे एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई। टक्कर के कारण गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के तुरंत बाद, दुर्घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, देर रात होने के कारण कार को घटनास्थल से दूसरी दिशा की ओर मोड़ दिया गया।

सड़क हादसे के बाद गाड़ी बदल दिशा चेंज किया गया।
हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र के चचाली गांव में हुए बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित और सफल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।यह मामला चैनपुर थाना कांड संख्या 24/16 के तहत दर्ज किया गया था। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी चार्लेश मिंज है, जो पैतरिक मिंज का पुत्र है।पुलिस ने इस संगीन मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच की और आरोपी चार्लेश मिंज को धर दबोचा। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण ही यह गिरफ्तारी संभव हो पाई।गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को विधिवत रूप से न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।पुलिस की इस बड़ी सफलता से न सिर्फ मृतक के परिजनों को न्याय की उम्मीद जगी है, बल्कि पूरे इलाके में कानून व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

oplus_2
दशकर्म से लौटा नशे की लत में डूबा,मफलर के सहारे लगाई फांसी

चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर गांव में एक व्यक्ति ने मफलर के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान प्रेमनगर निवासी भीनशु गोप पिता स्व० झालू गोप के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, भीनशु गोप ने अपने आवास पर अलबेस्टर की छत में लगे एक पाइप के सहारे मफलर से फंदा बनाकर फांसी लगा ली।मृतक के परिजन, राधा देवी, ने बताया कि भीनशु गोप हाल ही में अपनी बड़ी बहन के बेटे के दशकर्म श्राद्ध से लौटे थे। इसके बाद से वे काफी अधिक नशा करने लगे थे। भीनशु गोप एक कमरे में अकेले रहते थे क्योंकि उनकी पत्नी का देहांत पहले ही हो चुका था।जब घटना की सूचना मिली, तो चैनपुर थाना से एएसआई निर्मल राय और पुलिसकर्मी संतोष धर्मपाल लुगुन तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। चूंकि कमरा अंदर से बंद था, पुलिस ने दीवार तोड़कर गेट खोला। कमरे के अंदर भीनशु गोप का शव फांसी पर लटका पाया गया।पुलिस ने शव का पंचनामा किया। प्राथमिक कार्रवाई के बाद, देर शाम होने के कारण शव को कल सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की जा रही है।इधर, घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

Translate »
error: Content is protected !!