सिमडेगा: बांसजोर ओपी की पुलिस ने मंगलवार की सुबह गुप्ता नामक एकयात्री बस से लगभग दस किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की तस्करी के आरोप में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पुछताछ भी कर रही है। हालांकि पुलिस इस संबंध में स्पष्ट रुप से कुछ भी नहीं बता रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुप्ता नामक एक यात्री बस से गांजा की तस्करी हो रही है। सूचना के आलोक में पुलिस ने बांसजोर बॉडर में चुनाव को लेकर लगाए गए चेकपोस्ट में बस को रोका और तलाशी ली। तलाशी के क्रम में पुलिस को दो अलग अलग बैग में लगभग दस किलो गांजा रखा मिला। पुलिस ने बस कर्मियों से बैग के मालिक के संबंध में जानकारी ली और उसके बाद बस में बैठे एक युवती और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पुलिस पुछताछ कर रही है। इधर बताया गया कि ओड़िसा से लगातार सिमडेगा के रास्ते होकर बिहार गांजा भेजा जाता हे। पूर्व में भी कई बार पुलिस ओड़िसा के ओर से आने वाले गांजा को बरामद कर चुकी है। इधर घटना के बाद एसडीपीओ पवन कुमार भी बांसजोर ओपी पहुंच कर हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पुछताछ कर रहे है।
