सिमडेगा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ की कार्रवाई ,8 कट्ठे में लगी अफीम खेती किया नष्ट

सिमडेगा :पुलिस नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अवैध रूप से 8 कट्ठे में लगी अफीम की खेती को नष्ट कर दिया ।गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना की पुलिस ने सेवई डुमरमुंडा में अवैध रूप से हो रही अफीम की खेती को नष्ट किया है। सदर थाना प्रभारी दयानंद कुमार ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सेवई में अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आलोक में गुरुवार की सुबह डुमरमुंडा में छापामारी अभियान चलाया गया। जिसमें पाया गया कि लगभग आठ कट्ठा जमीन में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस के द्वारा खेती को नष्ट करते हुए मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अफीम की खेती किसके द्वारा की जा रही थी इसकी जांच शुरू कर दी गई है। इधर एसपी डॉक्टर शम्स तबरेज ने भी कहा कि जिले में नशे के सौदागरों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब हो इससे पूर्व भी क्षेत्र में अफीम खेती को पुलिस के द्वारा नष्ट किया गया था और इस मामले में संलिप्त व्यक्ति को जेल भेजा था इधर लगातार पुलिस क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाते हुए कहीं पर भी लोगों को इस प्रकार की अफीम की खेती नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की है। छापेमारी दल में मुख्य रूप से थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दयानंद कुमार ,मुफस्सिल थाना प्रभारी अरविंद कुमार ,सिमडेगा थाना के सब इंस्पेक्टर सर्वजीत कुमार ,सहित काफी संख्या में सशस्त्र बल उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment