सिमडेगा:कब्र पर्व के मौके पर बुधवार को जिला मुख्यालय के गिरजाघरों एवं कब्रिस्तानों में मिस्सा अनुष्ठान का आयोजन किया गया। अनुष्ठान के दौरान काफी संख्या में मसीहियों ने भाग लेकर पूर्वजों को याद कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की। विदित हो कि कब्र पर्व के मौके पर इसाई धर्मावलंबी अपने गिरजाघरों के अलावा कब्रिस्तानों को भी सजाते हैं तथा एकजूट होकर अपने-अपने पूर्वजों को याद करते हैं। इधर संत अन्ना महागिरजाघर में विशप विंसेट बरवा एवं फ़ा एडमोंन बाड़ा ने मिस्सा बलिदान संपन्न कराया। वहीं सामटोली पल्ली अंतर्गत आने वाले दस कब्रिस्तानों में भी मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मरियमपुर बेरीटोली , मरियमपुर कब्रस्थान सामटोली, डुमरटोली सलडेगा, डिफेंस स्थित, हेलेनपुर भुंडूटोली, सलडेगा डीपाटोली, पुरनापानी,डिप्टीटोली में फादरों द्वारा अनुष्ठान संपन्न कराया गया। मिस्सा पूजा के दौरान पुरोहितों ने कब्र पर पवित्र जल का छिड़काव किया।

पूर्वजों की देन हैं हम :विशप
सिमडेगा : कब्र पर्व के मौके पर विश्वासियों को संबोधित करते हुए संत अन्ना महागिरजाघर में विशप विंसेट बरवा ने कहा कि मनुष्य का यह जीवन ईश्वर का अनमोल वरदान है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का शरीर क्षणभंगुर है पर आत्मा अमर है।उन्होंने बताया कि हमें अपने पूर्वजों के द्वारा किये गये नेक कार्यो को याद करनी चाहिए। क्योंकि हम आज जो हैं वह पूर्वजों की बदौलत ही हैं।
