सिमडेगा में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान खरीद शुरू

 किसानों को मिलेगा ₹2450 प्रति क्विंटल एमएसपी

सिमडेगा : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू कर दी गई है। जिले में धान खरीद का विधिवत शुभारंभ बानो प्रखंड के सिम्हातु लैम्पस में विधायक तोरपा सुदिप गुड़िया एवं उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बुजुर्ग माता-पिताओं के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बानो प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।वहीं ठेठईटांगर प्रखंड के मेरोमडेगा लैम्पस में सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, मेरोमडेगा मुखिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से धान खरीद का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा अन्य लैम्पसों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने धान खरीद व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों और लैम्पस प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।राज्य सरकार द्वारा धान क्रय हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। जिले में कुल 16 चयनित लैम्पसों के माध्यम से धान खरीद की जानी है, जिसमें प्रथम दिन 12 लैम्पसों में खरीद प्रारंभ की गई। इनमें सिमडेगा प्रखंड के अरानी, ठेठईटांगर के मेरोमडेगा एवं पाईकपारा, कुरडेग के कुरडेग, चड़रीमुण्डा एवं डुमरडीह, पाकरटांड़ के क्रूशकेला, कोलेबिरा के रसिया, बानो के सिम्हातु एवं गेनमेर तथा जलडेगा के टिनगिना एवं परबा लैम्पस शामिल हैं।डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ई-उपार्जन मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है, जिसे ई-उपार्जन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से किसान स्वयं पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी क्रय केंद्रों पर 4G सक्षम ई-पॉस मशीनों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।जो किसान अब तक ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे ई-उपार्जन पोर्टल या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैम्पस में ही धान बेचें और बिचौलियों के झांसे में आकर कम दाम पर धान न बेचें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन 1967 या 18002125512 पर संपर्क कर सकते हैं।

डॉन बॉस्को विद्यालय कोलेबिरा में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव

कोलेबिरा: प्रखंड के जामटोली स्थित डॉन बॉस्को विद्यालय में शनिवार को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फादर क्लेमेंट लकड़ा एवं विशिष्ट अतिथि फादर डेविस द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व विद्यालय की छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर ज्योतिष कुमार किंडो ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गुजराती, असमिया, बंगाली, नागपुरी एवं अंग्रेजी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटकों ने सामाजिक संदेश दिया।मुख्य अतिथि फादर क्लेमेंट लकड़ा ने कहा कि यह विद्यालय सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। प्रधानाचार्य फादर ज्योतिष कुमार किंडो ने बताया कि विद्यालय में कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, पुस्तकालय और खेलकूद की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा नए सत्र के लिए नामांकन जारी है।कार्यक्रम में फादर तिर्की, फादर वीरेंद्र, फादर अगस्ततूने, दिलीप तिर्की, आनंद प्रकाश एक्का सहित अभिभावक उपस्थित थे। साथ ही विधायक प्रतिनिधि सह अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष रावेल लकड़ा, सांसद प्रतिनिधि सुनील खड़िया, मंडल अध्यक्ष राकेश कोनगाड़ी, युवा विधानसभा अध्यक्ष अमृत डुंगडुंग, शाहपुर पंचायत महासचिव संतोष बा एवं अल्पसंख्यक जिला उपाध्यक्ष जमीर हसन की उपस्थिति रही।

पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने चन्द्रशेखर सिंह के निधन पर व्यक्त की संवेदना

बानो: प्रखंड के हुरदा मंडल स्थित पांगूर गाँव में भाजपा बूथ अध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।उन्होंने परिवार को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी और आयोजित ब्राह्मण भोज में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हुरदा मंडल अध्यक्ष ओमीन सिंह, बानो मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शंकर सिंह, महामंत्री बलराम सिंह, प्रमोद सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष नन्दलाल साहू, कृष्णा सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।भाजपा नेताओं ने कहा कि चन्द्रशेखर सिंह का व्यवहार, संगठन के प्रति निष्ठा और सेवा भाव हमेशा याद किया जाएगा।

https://youtube.com/@newsjharkhand-24?si=SusmrNB4fRaJ0aXD

आजादी के बाद पहली बार चिमटीघाट पहुंचे डीसी–एसपी, प्रशासनिक ट्रैकिंग से जगी विकास की नई उम्मीद

सिमडेगा:आजादी के 78 वर्षों बाद सिमडेगा सदर प्रखंड का दुर्गम चिमटीघाट गांव शनिवार को ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब जिला उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी पहली बार प्रशासनिक टीम के साथ पैदल ट्रैकिंग करते हुए इस गांव पहुंचे। वर्षों से विकास की बाट जोह रहे ग्रामीणों ने प्रशासन को अपने बीच पाकर नए भविष्य की उम्मीद जागती देखी।केलाघाघ डैम के किनारे ऊंचे पहाड़ों, घने जंगलों और पथरीली घाटियों के बीच बसे इस गांव में करीब 13–15 परिवार रहते हैं। आजादी के बाद से अब तक यहां तक पहुंचने के लिए कोई सड़क नहीं बन सकी। ग्रामीण आज भी अपने प्रयासों से बनी संकरी पगडंडी और डैम पार नौका के सहारे ही राशन, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाहर आते-जाते हैं।

आपात स्थिति में मरीजों को नाव से पार कराना सबसे बड़ा जोखिम है।प्रशासनिक ट्रैकिंग दल केलाघाघ डैम से शुरू होकर पहाड़ी मार्गों से गुजरते हुए चिमटीघाट पहुंचा। टीम में वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, सिविल सर्जन सुंदर मोहन समद, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, एलआरडीसी अरुणा कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरजमुनि कुमारी, सदर बीडीओ समीर रेनियर खालखो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि किशोर राम, जिला पशुपालन पदाधिकारी किंकर कुमार महतो, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लकड़ा, मत्स्य पदाधिकारी सीमा टोप्पो, कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो, जेएसएलपीएस डीपीएम शांति मार्डी, कार्यपालक अभियंता पेयजल मुकेश कुमार, और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष पूर्ति सहित कई वरीय अधिकारी शामिल रहे।गांव पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं सहित युवाओं ने बताया कि वर्षों से विकास ठप पड़ा है, और सुलभ रास्ते की सबसे अधिक आवश्यकता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पगडंडी ही उनका एकमात्र सहारा है, जिस पर दोपहिया वाहन भी मुश्किल से पहुंच पाते हैं।उपायुक्त कंचन सिंह ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर कहा कि चिमटीघाट प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की संभावनाओं से भरपूर है। उन्होंने निर्देश दिया कि गांव तक सड़क मार्ग का सर्वे त्वरित रूप से कर प्रस्ताव तैयार किया जाए। साथ ही नए ट्रैकिंग रूट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम होगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।इस दौरान प्रशासनिक टीम ने नाव से बोटिंग कर ग्रामीणों की दैनिक कठिनाइयों को महसूस किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया।चिमटीघाट में पहली बार प्रशासनिक चहलकदमी से वर्षों से बुझी उम्मीदों में नई रोशनी लौटी है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि यह उम्मीद जल्द ही धरातल पर उतरे और गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

सिविल में भव्य जतरा का आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने का आह्वान

चैनपुर: अति सुदूरवर्ती क्षेत्र चैनपुर प्रखंड अंतर्गत सिविल गांव में भारत मुंडा समाज, ग्राम सिविल के द्वारा एक भव्य जतरा का सफल आयोजन किया गया। इस जतरा में मुंडा समाज के लोगों ने अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा और अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत पारंपरिक नाच और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया, जो मुंडा समाज की समृद्ध विरासत को दर्शाता है।कार्यक्रम का आरंभ ग्राम पाहन के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद, मुख्य अतिथि, ग्राम संरक्षक और अन्य विशिष्टजनों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को आज भगवान का दर्जा मिला है, और हम सभी को उनके हर एक आदर्श पर अमल करना चाहिए। उन्होंने समाज से बिरसा मुंडा की तरह जीवन जीकर अपने धर्म और संस्कृति को बचाकर रखने का आह्वान किया।वहीँ, मुखिया ईश्वर खेस ने समाज में एकजुटता की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी से एकजुट रहने का संकल्प लेने को कहा।इस सफल आयोजन में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता, मुखिया ईश्वर खेस, सुरेश मुंडा, शालेंद्र मुंडा, अमित सिंह मुंडा, सीता राम मुंडा, रवि मुंडा, ईश्वर मुंडा, पिंटू मुंडा, मगन मुंडा, कृष्ण मुंडा, शंकर मुंडा सहित समिति के कई सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण सुरक्षा को लेके कुरूमगड़ थाना के जवान तैनात नजर आए एवं मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

oplus_2
प्रखंड कार्यालय में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि

झारखंड के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ विशेष आयोजन

चैनपुर : झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, जिसे ‘रजत जयंती’ के रूप में मनाया जा रहा है, चैनपुर प्रखंड कार्यालय में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के तौर पर मनाई गई। इस अवसर पर प्रखंड के अधिकारियों और कर्मियों ने धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।इस विशेष कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा और अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अन्य कर्मियों के साथ मिलकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।इस मौके पर अधिकारियों ने बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ‘उलगुलान’ का नेतृत्व किया था और समाज में चेतना जगाई थी। उनके विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और झारखंड को एक विकसित राज्य बनाने में उनके आदर्शों का अनुसरण करना आवश्यक है।पूरे कार्यक्रम में प्रखंड कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संकल्प लिया कि वे बिरसा मुंडा के दिखाए रास्ते पर चलते हुए राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे।

चैनपुर प्रखंड में राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा का पहला वर्षगांठ मनाया गया

चैनपुर:– चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में राम मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ बड़े धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर 551 दीप जलाए गए और विशेष आरती का आयोजन किया गया। हिंदू समुदाय के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर था, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया।इस आयोजन में सत्यम केशरी ने कहा, “प्रभु श्रीराम का मंदिर हमारे हिंदू भाइयों के बलिदान से बना है, जिसे हमें हमेशा याद रखना चाहिए। यह हमारे पूर्वजों की देन है।” उन्होंने इस पावन अवसर पर एकजुट होकर धार्मिक भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।अशोक कुमार ने भगवान श्रीराम की जीवनी की चर्चा करते हुए कहा, “हमें उनके विचारों और शिक्षाओं पर चलना चाहिए। सभी सनातनी हिंदुओं को एकजुट रहना चाहिए।”इस भव्य आयोजन में निरंजन साहू, संतोष रौतिया, सौरभ कुमार, शैलेश कुमार, अर्चित कुमार, अमृत कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस अवसर को यादगार बनाने का प्रयास किया और धर्म की एकता को प्रदर्शित किया।इस तरह का आयोजन समाज में धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का कार्य करता है। आस्था और श्रद्धा के इस पर्व ने सभी को एकजुट करने का काम किया है, जिससे हिंदू संस्कृति की जड़ों को और भी मजबूती मिली है।

जारी प्रखंड में जन शिकायत शिविर का आयोजन लांस नायक अल्बर्ट एक्का की जयंती पर नागरिकों को योजनाओं का लाभ

जारी: चैनपुर अनुमंडल के जारी प्रखंड में लांस नायक अल्बर्ट एक्का की जयंती के अवसर पर एक जिला स्तरीय जन शिकायत शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर आयोजित हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने की, जिन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों और नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।शिविर में कई विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और नागरिकों को मौके पर लाभ प्रदान किया। कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, बैंकिंग, मनरेगा, पशुपालन, मत्स्य, ग्रामीण विकास, और उद्योग विभाग ने प्रमुख रूप से भाग लिया। उपायुक्त ने सभी शिकायतों और आवेदनों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया।स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की, जिसमें सिकल सेल एनीमिया की विशेष प्राथमिकता दी गई। JSLPS के स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा लगाए गए स्टॉल में उपायुक्त ने महिलाओं को उनके उत्पादों को बेहतर ढंग से विपणन करने के लिए प्रेरित किया।पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को प्रखंड के सभी खराब जलमीनारों की सूची तैयार कर सुधारने का निर्देश दिया गया। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा केवाईसी और केसीसी के कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए कहा गया।उपायुक्त ने जारी प्रखंड कार्यालय परिसर में निर्मित अल्बर्ट एक्का पुस्तकालय और नव निर्मित पीएचसी सेंटर का निरीक्षण किया और इनका शीघ्र उद्घाटन कर प्रखंडवासियों को सौंपने का निर्देश दिया।कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस शिविर से सैकड़ों नागरिक लाभान्वित हुए, जिनमें 60 विद्यार्थियों को साइकिल और एक PVTG नागरिक को ट्रैक्टर वितरित किया गया। अन्य कई योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए ऑन-द-स्पॉट सहायता प्रदान की गई।इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक DRDA, SDO चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, चैनपुर भू अर्जन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा, अंचल अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता, बीपीओ कांति कुमारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।यह जन शिकायत शिविर स्थानीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर था, जिसने उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर प्रदान किया।

गुमला नगर में बजरंग दल की साहसिक यात्रा 5 जनवरी को आयोजित

गुमला:– गुमला नगर में 5 जनवरी को बजरंग दल द्वारा आयोजित साहसिक यात्रा को लेकर डुमरडीह क्षेत्र से विभिन्न मान्यवरों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में श्री जगलाल प्रसाद, श्री विश्वनाथ सिंह, श्री जगमोहन नायक, श्री रामस्वरूप चौधरी, श्री विकास प्रसाद, श्री विरेन्द्र साहु सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।डुमरडीह वासियों का कहना है कि यह साहसिक यात्रा केवल बजरंग दल के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज के लिए है। इसलिए, सभी हिंदू परिवारों से अपील की गई है कि वे इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और हिंदू होने का परिचय दें।इस अवसर पर सभी माताएं, बहनें, भाई और बुजुर्ग भी सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प ले रहे हैं। उपस्थित गणों में अजय सिंह राणा, संतोष यादव, मुकेश सिंह, अमित कुमार, अमन राणा, अनुप लाल, यशराज सिंह, रोहित खंडेलवाल मीडिया प्रभारी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।इस साहसिक यात्रा का उद्देश्य सामूहिक एकता और समाज में हिंदू पहचान को मजबूत करना है। सभी से सहयोग की अपील की गई है।

शिक्षक अभिभावक बैठक सह बाल शोध मेला का आयोजन किया

जारी:– चैनपुर अनुमंडल अन्तर्गत जारी प्रखंड अन्तर्गत राजकीय उत्क्रमित उच्च वि जारी मे शिक्षक अभिभावक बैठक सह बाल शोध मेला का आयोजन किया गया।बाल शोध मेला के मुख्य अतिथि बीपीएम सरफराज अन्सारी रहे।मौके पर बच्चों के द्वारा विभिन्न विषयों के स्टॉल लगाये गये थे जिसमे चार्ट पेपर के माध्यम से तथा मॉडल के माध्यम से दिखाया गया। हिन्दी,गणित,अंग्रेजी इबीएस के साथ साथ गाँव मे किये गये शोध डाटा भी प्रस्तुत किया गया।वहीं मौके पर उपस्थित बीपीएम सरफराज अन्सारी ने शिक्षक अभिभावक बैठक और बाल शोध मेला मे उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अगर अपने.बच्चों का सर्वागीण विकास करना है तो शिक्षक अभिभावक का समय समय पर बैठक होना चाहिए और बच्चों का मूल्यांकन करना चाहिए ताकि बच्चों के कमी बेसी को जाना जा सके अगर किसी बच्चे मे कमी होती है तो शिक्षक उनके ऊपर विशेष ध्यान दे।वहीं बाल शोध मेला के विषय मे कहा कि बच्चों ने अपना क्षमता के अनुसार विभिन्न तरह का मॉडल बनाकर प्रस्तुत कर रहे हैं ये सराहणीय कार्य है।बच्चों को चित्र बनाने मे आनन्द आता है और खेल एवं चित्र के माध्यम से बच्चे ज्यादा सीखते हैं।इस कार्य मे सहयोग करने वाले अजीम प्रेमजी फाऊण्डेशन के कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि इस तरह बच्चों एवं शिक्षको को मार्गदर्शन करते रहे ताकि बच्चा सही शिक्षा ग्रहण कर सके।मौके पर अजीम प्रेमजी फाउन्डेशन के सौरभ ,सोनालिका,मुन्नवर,ओम प्रकाश,बन्दना, महताब शिक्षक राजीव कुमार, अशोक केरकेट्टा, तस्लीम रजा,राजेन कुजूर,विक्टोरिया एक्का,अमिता तिर्की ,रोशन बखला, जोसेफा टोप्पो,बसन्ती केरकेट्टा, अन्जू रेणु खेस,कान्ता ग्रेस जोजवार,दीपशिखा बाखला,नवीन कुमार सिंह,अशोक कुमार खलखो,आभा एक्का,सरोज तिर्की सहित अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Translate »
error: Content is protected !!