नगर भवन में राज्य स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह का आयोजन, भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जिलेवासियों ने किया नमन
सिमडेगा
नगर भवन में झारखंड स्थापना दिवस सह भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उदघाटन सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, डीसी आर रॉनिटा, एसपी सौरभ कुमार, जिप सदस्य जोसिमा खाखा,नप अध्यक्ष पुष्पा कुल्लू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। कार्यक्रम से पहले सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर बारी बारी से माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद लोगों के परिसम्पत्ति का भी वितरण किया गया। विधायक ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अमर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं शहादत को नमन। आज का शुभ दिन हम सब के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण से अगर प्रेम करना सीखना है, तो उसके लिए भी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा हमारी बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने विदेशी शासन की हर उस नीति का पुरजोर विरोध किया, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली थी। गरीब और मुसीबत से घिरे लोगों की मदद करने में भगवान बिरसा मुंडा हमेशा आगे रहे।

विधायक ने कहा कि हमारे वीर पुरखों के खून पसीने से सिंचित यह पवन धरती आज अपने 22 वर्ष का युवा हो गया है। युवा झारखंड भी महागठबंधन सरकार के नेतृत्व में नई जोश और ऊर्जा के साथ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमें बिरसा मुंडा के विचारों को उनके साहस और संघर्ष को आत्मसात करना होगा। युवा पीढ़ी पर झारखंड को सजाने संवारने की अहम जिम्मेदारी है। बिरसा मुंडा के सपने पूरे हों, यह संकल्प बार बार दोहराए जाने और राज्य के नवनिर्माण के लिए मिलजुलकर नई तस्वीर गढ़ने की जरूरत है। धरती आबा के सपने साकार करने की जिम्मेदारी हर एक झारखंडी पर है। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार भी राज्यवासियों के लिए कोरोना का प्रकोप खत्म ही तोहफों की बरसात की है। और तोहफों की इस बरसात में हर तबके को भींगाने की पूरी कोशिश की है। सरकार पूरी सतर्कता के साथ अपनी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम शुरू किया है। सरकार शहर से लेकर गांव में अंतिम अंतिम पंक्ति में बैठे ब्यक्तियों को लाभ दिलाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

भगवान बरसा मुंडा के साहस, समर्पण और बलिदान से प्रेरणा लें युवा: डीसी
डीसी आर रॉनीटा ने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन सबके लिए प्रेरक है। अंग्रेजों के विरुद्ध उनका आंदोलन आदर्श है। उनके साहस, समर्पण और बलिदान से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए
महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सभी के लिए प्रेरणास्रोत: एसपी
एसपी सौरभ कुमार ने भी धरती आबा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संकल्प लेना चाहिए। समाज से बुराई और कुरीतियों को मिटाने की प्रतिबद्धता दोहरानी चाहिए। जिस साहस के बल पर बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के नापाक इरादों को नाकाम करने का प्रयास किया। वैसे ही हमें समाज में जहर फैलाने वालों को सही रास्ते पर लाने की कोशिश करनी चाहिए।

भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी संस्कृति के प्रति गर्व करना सिखाया: जोसिमा खाखा
जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस तरह से अपनी संस्कृति, जंगल और अपनी जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। वो धरती आबा ही कर सकते थे। उन्होंने हमें अपनी संस्कृति और जड़ों के प्रति गर्व करना सिखाया। प्रकृति और पर्यावरण से अगर हमें प्रेम करना सीखना है, तो उसके लिए भी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा हमारी बहुत बड़ी प्रेरणा है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में परिसम्पत्तियों का हुआ वितरण
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वरोजगार सृजन ऋण योजना के तहत् 40 लाभुकों, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत् 120 लाभुकों, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत् 11 लाभुकों, सर्वजन पेंशन योजना के तहत् 20 लाभुकों, कंबल वितरण योजना के तहत 31 लाभुकों, एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् 05 लाभुकों, केसीसी ऋण योजना के तहत् 38 लाभुकों, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 10 लाभुक, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 6 लाभुक, आयुष्मान कार्ड वितरण के तहत् 45 लाभुक, जेएसएलपीएस के तहत् 15 लाभुक, एवं पीएमकेएसवाई के तहत् 9 लाभुकों, आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत वज्रपात से मानव क्षति के तहत् 5 लाभुकों के बीच चार-चार लाख की मुअवाज़ा राशि लाभुकों के बीच लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में इनकी भी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में जिप अध्यक्ष, डीडीसी अरुण वाल्टर सांगा, सीएस डॉ नवल कुमार, आइटीडीए निदेशक सलन भुइयां, एसी अमरेंद्र सिन्हा, नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुल्लु,सिमडेगा जिला विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह, कोलेबिरा विधायक प्रतिनिधि मो समी आलम, प्रमुख उप प्रमुख सिलबेस्टर बाघवार, निशा देवी,सुषमा टोप्पो,केके रोहिला सहित कई अधिकारी, नेता व गणमान्य लोग उपस्थित थे।