सिमडेगा:पिछले चार माह से नप कार्यालय के समीप धरना में बैठे नव नियुक्त गृह रक्षकों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। इतने दिनों तक अन्य सभी काम धंधे छोड़ नवनियुक्त होम गार्ड जवानों के धरना में बैठे रहने से अब इनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खाने की सामग्री नहीं होने की जानकारी मिलने पर भाजपा नेताओं ने नव नियुक्त होमगार्ड जवानों के पास सुखा राशन पहुंचाया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुजान जोजो, सांसद प्रतिनिधि दीप नारायण दास, गजानंद बेसरा आदि ने सूखा राशन देते हुए हर संभव मदद करने का भरोसा जताया। होम गार्ड जवानों ने बताया कि सरकार के अवर सचिव द्वारा जिला प्रशासन को 21 अक्तूबर को ही नव नियुक्त गृहरक्षकों का इनरोलमेंट से संबंधित कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश प्राप्त है। इसके बाद भी जिले के अधिकारियों द्वारा इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर सूजन मुंडा ने कहा कि यह प्रशासन की लापरवाही है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा नव नियुक्त गृह रक्षकों की मांगों के संबंध में कार्रवाई पूर्ण नहीं की जाती है, तो वे केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से इसकी शिकायत करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मियों द्वारा चार माह तक दिन-रात हड़ताल में डटे रहना राज्य सरकार के लिए शर्म की बात है। कहा अगर राज्य सरकार गंभीर होती, तो आज तक इन कर्मचारियों को इतने लंबे अंतराल तक धरना प्रदर्शन में बैठने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही से ये कर्मी सभी काम-धंधे छोड़ इतने दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहैं। सरकार को चाहिए कि इन कर्मियों को इतने दिनों का हर्जाना राशि दे।