जलडेगा:सिमडेगा के सुदूर प्रखंड जलडेगा के सिमरिया गांव निवासी नागपुरी कलाकार जगदीश बड़ाईक एवं बोकारो के बिनोद महतो को घोड़ा नाच के लिए बुधवार की शाम नई दिल्ली के रविन्द्र भवन के मेघदूत थिएटर में संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संस्कृति, पर्यटन एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री, भारत सरकार के जी किशन रेड्डी ने सम्मानित किया। जगदीश बड़ाईक को 2020 का पुरस्कार मिला, पुरस्कार मिलने के बाद उन्होंने कहा कि आज उन्हें काफी हर्ष हो रहा है कि उन्हें सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा, झारखंड की कला को इससे राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। नागपुरी संस्कृति को संरक्षण प्रदान करना उनकी गायकी का मुख्य उद्देश्य रहा है। बचपन से ही नागपुरी गायकी के प्रति रुझान रखते थे। आर्थिक तंगहाली के कारण कई परेशानियां आती थीं। वहीं, बोकारो के विनोद महतो को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार 2021 घोड़ा नृत्य शैली को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार से झारखंड की संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। वहीं पद्मश्री मुकुंद नायक ने दोनों कलाकारों को बधाई दी है।
