सबसे अधिक युवा आबादी भारत की हम सभी को अपने विरासत को बचाने की जरूरत :अंर्जुन मुंडा
सिमडेगा:नेहरू युवा केन्द्र सिमडेगा द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन सिमडेगा कॉलेज सिमडेगा में किया गया।नेहरू युवा केंद्र सिमडेगा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन सिमडेगा कॉलेज सिमडेगा के हॉल में किया गया। कार्यक्रम में पांच प्रतियोगिताओं जैसे चित्रकला, कविता लेखन,भाषण प्रतियोगिता, मोबाईल फोटोग्राफी एवं सांस्कृतिक सामुहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया| युवा उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में अर्जुन मुंडा माननीय केंद्रीय मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं के आदर्श पुरुष स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में माननीय मंत्री जी, अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र कुमार, सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव और जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। युवाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवा अपने अधिकार के साथ-साथ अपने कर्तव्य को भी समझें साथ ही एकता एवं एकजुटता बनाये रखें तभी युवाओं में ताकत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने जीवन मे विकास करते हुए समाज एवं राष्ट्र के बारे में सोचना चाहिए कि आज में देश व समाज के लिए वो क्या कर सकते हैं। क्योंकि आज देश को आप जैसे युवाओं की ही जरूरत है और यह सौभाग्य की बात है कि विश्व मे सबसे अधिक युवा आबादी भारत की है| आज हम सभी को अपने विरासत को बचाने की जरूरत है तभी जाकर हम अपने देश को विश्व गुरु बना सकते हैं। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र सिमडेगा द्वारा किए गए कार्यों की सराहना भी की।नेहरू युवा केंद्र सिमडेगा के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य हमारे देश के समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत, संस्कृति और राष्ट्र के मूल्यों को जनता के बीच लाकर उनमें उत्साह उत्पन्न करना एवं युवाओं की प्रतिभा को जमीनी स्तर से राष्ट्र स्तर पर निखारने का मौका देना है| भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सौरव सिन्हा ने द्वितीय स्थान सादिया परवीन और तृतीय स्थान गौतम कुमार ने प्राप्त किया, सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संत जेवियर ग्रुप ने द्वितीय स्थान द गोल्डन ट्रीओ खूंटीटोली ने और तृतीय स्थान सिकरियाटांड ग्रुप ने प्राप्त किया। काव्य लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीपा कुमारी ने द्वितीय स्थान निरूपा टेटे और तृतीय स्थान टोयेश कुमार दास ने, चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नेत्र सिंह महापात्र ने द्वितीय अस्मिता शिवा कीड़ो ने और तृतीय स्थान संतोष बरवा ने और मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुमित मिंज, द्वितीय स्थान विवेक एक्का और तृतीय स्थान लोनित बेसरा ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि के द्वारा पुरस्कार राशि और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य घटक के अतिरिक्त कार्यक्रम के दायरे और पहुंच का विस्तार करने के लिए विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाया गया जिसमें केंद्रीय संचार ब्यूरो, जलछाजन, कल्याण विभाग, श्रम विभाग, जिला उद्योग केंद्र, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, आयुष विभाग, आयुष्मान भारत, बैंक ऑफ इंडिया सहित कुल 12 स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम का मंच संचालन सत्यजीत कुमार ने किया। मौके पर कौशिक कुमार, संजीव कुमार, सोरिना टेटे, विद्यासागर, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक रेश्मा, पुनीता, सरिता, मैक्सिमाला, रोशन सुरीन, निरंजन, अनुराधा, चंद्रकांता, सुषमा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
