सिमडेगा:भाजपा कार्यालय, सिमडेगा में आज आजीवन सहयोग निधि की अति महत्वपूर्ण बैठक रखी गई थी। इस बैठक में भाजपा के अनेक कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आजीवन सहयोग निधि संगठन की मजबूती की एक आधारशिला है। किसी भी संगठन की मजबूती के लिए मुख्य रूप से चार मापदंड सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं न्यायिक हैं। भारतीय जनता पार्टी सामाजिक रूप से भारत के सभी नागरिकों को भारत में सम्मान पूर्वक जीने का अधिकार दिलाई है, राजनीतिक रूप से हमारे क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उनके अधिकार के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहते हैं, न्यायिक रूप से भाजपा क्षेत्र में दबे-कुचले, पीड़ित एवं असहाय लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास करते रही है और संगठन की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की नैतिक जिम्मेदारियों संगठन के कार्यकर्ताओं के ऊपर होती है। सभी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि वे आजीवन सहयोग निधि का हिस्सा अवश्य बने ताकि भाजपा संगठन के माध्यम से क्षेत्र का चौमुखी विकास हो। कार्यक्रम में उपस्थित जिला सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव ने भी समस्त कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह हम लोगों के लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमलोग विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, भाजपा परिवार का अहम हिस्सा है। अर्थ, परिवार की मजबूती का महत्वपूर्ण भाग होता है और मजबूत आर्थिक स्थिति का सीधा संबंध समस्या के निवारण से है। इसलिए सभी कार्यकर्ता आजीवन सहयोग निधि का हिस्सा अवश्य बने एवं संगठन को मजबूती प्रदान करें।
