सिमडेगा: विधायक भूषण बाड़ा शनिवार को विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सदर प्रखंड के जोकबहार पंचायत के बिरंगा टोली पहुंचे। जहां उनका ग्रामीणों ने जोरदार तरीके से स्वागत किया। मौके पर ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्या रखी। साथ ही उनका समाधान कराने की भी गुहार लगाई। वहीं विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सभी समस्याओं का ससमय निदान कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि महागठबंधन की सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रख कर काम कर रही है। हमारी मंशा है कि सभी वर्गों का चहुमुखी विकास हो। सभी वर्ग कदम से कदम मिलाते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने ग्रामीणों से भी जिले के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने का आह्वान किया। विधायक ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी देते हुए योजना का लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। वहीं कांग्रेस नेत्री जोसिमा खाखा ने भी ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के नीति सिद्धांतों की जानकारी दी। साथ ही कांग्रेस से जुड़ने का आह्वान किया। मौके पर ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोज जयसवाल, बासेन मुखिया शिशिर मिंज, प्रदीप केसरी, तिलका रमण, जोकबाहर मुखिया मुक्ता तिर्की, उप मुखिया दुर्गा मुंडा, अंजली रानी डुंगडुंग, प्रिंसपल, ग्रेट सुरीन, प्रभात टोपनो, अरबिंद सुरीन, मार्टिन सुरीन आदि उपस्थित थे।
*तीन दिन में ही विधायक के प्रयास से गांव में लगा ट्रांस्फार्मर*
कार्यक्रम के बाद विधायक श्री ने गांव में अपने प्रयास से लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर का भी फिता काटकर उद्घाटन किया। बताया गया कि ट्रांस्फार्मर महिनों पूर्व ही जल गया था। जिसके बाद तीन दिन पूर्व ही ग्रामीणों ने विधायक से गांव के लगे ट्रांस्फार्मरके खराब होने की शिकायत की थी।
