कोलेबिरा: प्रखंड अंतर्गत रैसिया पंचायत में सोमवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी दी और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में धान बेचने के लिए संपर्क में रहने की अपील की।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र के माध्यम से सीधे किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाएगी तथा बिचौलियों से सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही धान की खरीद होगी।धान खरीदी को लेकर बताया गया कि रसिया पंचायत से कुल 996 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इस केंद्र के लिए 12,500 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि लैंप्स के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा किसानों को समय पर सूचना और मैसेज नहीं भेजे जाने के कारण उद्घाटन के दिन किसान उपस्थित नहीं हो सके। इसके अलावा विभागीय निर्देश के अनुसार लैंप्स में सीसीटीवी कैमरा अब तक नहीं लगाए जाने के कारण भी धान की खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।अधिकारियों ने बताया कि धान बेचने के 48 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भुगतान की राशि भेज दी जाएगी। इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य 2,450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।