जलडेगा: जलडेगा में आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए लीड्स संस्था द्वारा गांव गांव में मतदान जागरूकता को लेकर कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सोमवार को लीड्स संस्था के प्रखंड परियोजना समन्वयक आलोक कुमार के नेतृत्व में झारखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी टीनगिना गांव के जागृति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को निष्पक्ष और प्रलोभन मुक्त मतदान के प्रति जागरूक किया गया। संस्था के समन्वयक ने बताया कि समाज के हर वर्ग की समस्याओं के समान रूप से निस्तारण व हर वर्ग के अधिकारों की सुरक्षा के लिए नीति नियंताओं का स्वच्छ छवि के साथ ही पारदर्शी होना जरूरी है। इसके लिए मतदान करते समय जाति, धर्म व संप्रदाय की संकीर्ण भावनाएं मतदाता के मन में नहीं होनी चाहिए। आमतौर पर अधिकांश महिलाएं मतदान के प्रति जागरूक नहीं रहती हैं। जबकि, कुछ महिलाएं अपने विवेक के बजाय परिवार के पुरुष सदस्यों की राय पर मत का प्रयोग करती हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वयं निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। लिहाजा दूसरे के कहने पर अपने मत का प्रयोग करने के बजाय स्वयं के विवेक से मतदान करना चाहिए। इसके बाद महिलाओं को शपथ दिलाई गई की वे अपने गांव के आस पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करेंगे और 13 मई को अपना सारा काम छोड़कर पहले मतदान करने जायेंगे।
