कुरडेग :प्रखंड के तीनों धान अधिप्राप्ति केंद्रों में धान की खरीद प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू हो गई। कुरडेग लैम्पस स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन जिप उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा, विधायक प्रतिनिधि दीपक जयसवाल, शीतल तिर्की, गुड्डू खान, उपप्रमुख अजय जयसवाल, प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष वाल्टर टोप्पो एवं बीडीओ नैमन कुजूर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।डूमरडीह धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन जिप उपाध्यक्ष सह मुखिया महेश्वर साय और रजनी कुजूर द्वारा किया गया। वहीं चाडरीमुंडा धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन मुखिया अनासतसिया खलखो ने किया।धान अधिप्राप्ति केंद्रों के पहले दिन कुरडेग केंद्र में 267 क्विंटल 60 किलो, डूमरडीह केंद्र में 185 क्विंटल 20 किलो तथा चाडरीमुंडा केंद्र में 230 क्विंटल धान की खरीद की गई। इस प्रकार कुल 682 क्विंटल 80 किलो धान की खरीद दर्ज की गई। इस वर्ष सरकार द्वारा किसानों से 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जा रही है, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया।इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी जोनसन बुढ़, मुखिया उर्मिला कुजूर, बीटीएम अनु सोफिया एक्का, लैम्पस प्रबंधक दिलीप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं कर्मी उपस्थित थे। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अधिप्राप्ति केंद्रों पर पहुंचकर समर्थन मूल्य पर धान बिक्री का लाभ उठाएं।
