कुरडेग :प्रखंड के गोहरीटांड़ में भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर कांग्रेस पार्टी की बैठक हुई। प्रखंड अध्यक्ष तुलसी खलखो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा की विशेष उपस्थिति रही। मौके पर विधायक ने कांग्रेस के भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो पदयात्रा देश को जोड़ने के लिए माननीय राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई है। प्रखण्ड के कार्यकर्ता भी पदयात्रा को सफल बनाने को लेकर अभी से ही तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि पदयात्रा में कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के साथ साथ अधिक से अधिक आम लोगों को भी जोड़ने का प्रयास करें। प्रखंड में निकलने वाली पदयात्रा में ऐतिहासिक भीड़ जुटाने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बिना कोई भी कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता। आप सभी कार्यकर्ताओं के दम पर ही पदयात्रा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है। बैठक में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जयसवाल, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष वाल्टर टोप्पो, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आकाश सिंह,सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
