चार दिवसीय कार्यक्रम का हुआ समापन,प्रतियोगी हुए सम्मानित
सिमडेगा:-जिले में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव का पर्व रामनवमी धूमधाम के साथ मनाया गया। हर साल रामनवमी का त्योहार पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के दिन रामनवमी का त्योहार मनाया जाता है।शास्त्रों के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था इसलिए इस दिन को रामजन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। राम जी के जन्म पर्व के कारण ही इस तिथि को रामनवमी कहा जाता है। भगवान राम को विष्णु का अवतार माना जाता है। राम नवमी के अवसर पर विशेष रूप से भगवान राम की पूजा-अर्चना और कई तरह के आयोजन कर उनके जन्म के पर्व को मनाते हैं। रामनवमी के दिन विशेष तौर पर श्रीराम के साथ माता जानकी और लक्ष्मण जी की भी पूजा होती है।सिमडेगा शहर के साथ सभी प्रखंडो में भी रामनवमी की धूम देखी गई। रामनवमी को लेकर पूरा सिमडेगा शहर राममय नजर आया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्मोत्सव को लेकर हर तरफ जय श्रीराम का उदघोष सुनाई दे रहे थे।श्री रामनवमी पर शहर में धूमधाम से बैंडबाजे संग शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक धुनों और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई जगह पुष्प वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत किया गया।शोभायात्रा हृदय स्थली महावीर चौक से होकर केलाघाघ मोड़ होते हुए देर शाम वापस महावीर चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे युवक धर्म ध्वज लेकर चल रहे थे और अस्त्र-शस्त्र संचालन के करतब दिखाते अखाड़ों के प्रतिभागियों ने श्रीरामनवमी की शोभायात्रा में अद्भुत समां बांधा। भव्य शोभायात्रा में शामिल लोगों के द्वारा जय श्रीराम और जय बजरंग बली के नारों से वातावरण राममय हो गया था।

शहर के महावीर चौक से निकलकर शोभायात्रा मुख्य मार्ग से होते हुए भट्टीटोली, रामनगर, सामटोली और प्रिंस चौक तक गई। सामटोली और प्रिंस चौक का परिभ्रमण कर वापस महावीर चौक में शोभायात्रा का समापन हुआ। रास्ते में जगह-जगह स्टॉल लगाकर लोगों के लिए गुड़, चना शरबत आदि की व्यवस्था की गई। इधर श्रीरामनवमी के अवसर पर लोगों ने विधि-विधानपूर्वक पूजा- अनुष्ठान कर घरों, देवालयों और प्रतिष्ठानों में महावीरी झंडा लगाया। रामनवमी के अवसर पर 4 दिवस से आयोजित कार्यक्रम का समापन गुरुवार देर रात्रि को हुई जिसके पश्चात सभी अखाड़ा समितियों के विजेता प्रतिभागियों को सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया गया।शोभायात्रा में समिति के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, नप उपाध्यक्ष ओपी साहु, डीडी सिंह, अनुप केसरी, श्रद्धानंद बेसरा, श्यामलाल शर्मा, संजय शर्मा, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय ठाकुर, दीपक पूरी,घनश्याम केसरी, पवन अग्रवाल, योगेन्द्र रोहिल्ला, राजु केसरी, नरेश शर्मा,अनूप प्रसाद, पवन जैन आदि की उपस्थिति रही।

विधि व्यवस्था के थे पुख्ता इंतेजाम,चप्पे चप्पे पर दिखी पुलिस
रामनवमी पूजा एवं शोभायात्रा के दौरान विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिखी। सुरक्षा को लेकर विभिन्न चौक चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं शोभा यात्रा के दौरान जिला प्रशासन के द्वारा दंडाधिकारीयों की प्रतिनियुक्ति गई थी। वहीं शोभा यात्रा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस नजर आई।