विशप की अगुवाई में संपन्न हुई धर्मविधि, विधायक भूषण बाड़ा सहित हजारों की संख्या में उमड़े मसीही
सिमडेगा:जिले में 16 अप्रैल को उजला रविवार आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। मौके पर सैकड़ों बच्चो ने प्रथम परम प्रसाद ग्रहण किया। जिला मुख्यालय स्थित सामटोली स्थित संत अन्ना महागिरजाघर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराते हुए प्रथम परम प्रसाद दिया गया। विशप बिंसेंट बरवा की अगुवाई में धर्मविधि सम्पन्न हुआ। धर्मविधि में विजी सह पल्ली पुरोहित फा इग्नासियुस टेटे, फा पियुस खलखो, फा एफ्रेम बा:, फा सुनील सुरीन, फा ब्रुनो टोप्पो, फा हेनरी तिग्गा, फा जेबियर, फा प्रदीप केरकेट्टा आदि पुरोहितों ने सहयोग किया। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा, पाकरटांड़ जिप सदस्य जोसिमा खाखा भी उपस्थित थे। विशप ने अपने संदेश में कहा कि रोटी और दाखरस को अपने जीवन में पहली बार परम प्रसाद के रूप में ग्रहण कर ईश्वर के करीब पहुंच जाते हैं। आज के परिपेक्ष में मनन चिंतन करने की जरूरत है। हमलोगों को एक दूसरे का सहायता करना चाहिए। शांति का मार्ग कठिन होता है।

परम प्रसाद से नयी उमंग, जोश और स्फूर्ति का होता है संचार: विधायक भूषण बाड़ा
वहीं विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि प्रथम परम प्रसाद ग्रहण करते ही आत्मा में नयी उमंग, जोश और स्फूर्ति का संचार होता है। जीवन में ईश्वर के प्रति विश्वास को मजबूत करें। विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि हमारा समाज और समुदाय निराश और शंकाओं से घिरा हुआ है। इस अशांत और निराश भरे जीवन मे उत्साह और शांति लेने के लिए आज भी प्रभु येसु उपस्थित है, जिसे महसूस करने की जरूरत है। उनका संदेश नई आशा और उमंग पैदा करता है। मौके पर सैकड़ो बच्चों ने परम प्रसाद ग्रहण किया।

216 बच्चों ने ग्रहण किया प्रथम परम प्रसाद
उजला रविवार के मौके पर संत अन्ना महागिरजाघर में 216 बच्चों ने प्रथम परम प्रसाद ग्रहण किया। परम प्रसाद ग्रहण करने वालों में हॉली स्पीरिट स्कूल के 44 बच्चे, यूसी सामटोली के 63 बच्चे, संत अन्ना स्कूल के 43, एसजीटी खंजालोया के चार, संत जोंस स्कूल फरसाबेड़ा के 11, संत मेरीज इंग्लिश मीडियम स्कूल के 30, संत मेरीज प्लस टू स्कूल के 11, गोस्सनर इंग्लिश मीडियम स्कूल खूंटीटोली के पांच बच्चे शामिल हैं।