सिमडेगा:विधायक भूषण बाड़ा ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपकर सिमडेगा जिला को सुखाड़ घोषित कराने की मांग की है। उन्होंने सीएम से कहा है कि सिमडेगा जिला कृषि पर आधारित है। यहां के लोगों के रोजगार का मुख्य पेशा खेतीबारी है। लेकिन इस वर्ष समय पर बारिश नहीं होने से धान की फसल काफी कम हुई है। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है। कई किसान तो खेती तक नहीं कर पाए। इससे किसानों के रोजी-रोटी के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इसके बाद भी सिमडेगा जिला को सुखाड़ घोषित नहीं किया गया। विधायक ने कहा कि सुखाड़ घोषित नहीं किए जाने से किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। सुखाड़ घोषित नहीं किए जाने से कई किसान पलायन का मन बना रहे हैं। इधर मुख्यमंत्री ने भी कृषि विभाग से सुखाड़ घोषित कराने के संबंध में रिपोर्ट मगंवाते हुए सिमडेगा जिला को सुखाड़ घोषित कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
