सिमडेगा :श्रम अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर बुधवार को जलडेगा प्रखंड अंतर्गत पतिअम्बा बस्ती टोली स्थित राजेश अग्रवाल के ईंट भट्ठा और लाह फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों ने श्रम विभाग में निबंधन के लिए आवेदन जमा किया।ज्ञात हो कि श्रम अधीक्षक सिमडेगा पुनीत मिंज के निर्देशानुसार मार्च 2023 तक सभी ठेकेदार/भट्ठा मालिक/लाह फैक्ट्री संचालक/ट्रैक्टर मालिक अपने यहां काम करने वाले मजदूरों का हर हाल में निबंधन कराना अनिवार्य है। इसके बाद अप्रैल माह से पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया जायेगा। वहीं जांच के क्रम में बिना निबंधित मजदूर काम करते पाए जायेंगे तो संबंधित मालिक/संचालक के ऊपर कारवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा है कि मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों को भी श्रम विभाग में निबंधन कराना अनिवार्य है।
