सेवई गांव में एक सौ जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण

सेवई : वनवासी कल्याण केन्द्र सिमडेगा जिला इकाई की ओर से गुरुवार को सेवई गांव में जनजातीय गौरव दिवस सह कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रमंडलीय सह प्रभारी मंगल सिंह भोगता ने कहा कि वन क्षेत्र में रहने वाले जनजातीय एवं भारतीय समुदाय के लोगों का सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान ही बनवासी कल्याण केन्द्र का उद्देश्य है। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए क्षेत्र में चल रहे सेवा कार्य में वनवासी भाई बहन दिन रात मेहनत कर रहे हैं। सेवा कार्य में योगदान का असवर प्रदान करने के लिए वनवासी भाई बहनों के प्रति आभारी हैं। उन्होंने अपने स्तर से हर संभव सहयोग करने का वादा किया। कार्यक्रम में जनजातीय सुरक्षा मंत्री बसंत नारायण, बाबूलाल पहान, खुशिया मुंडा आदि ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए जनजातीय विकास योजना का विस्तार, रीति रिवाज, देश व जनजाजीय हित में बिरसा मुंडा के जीवन पर विस्तार से जानकारी दी। वनवासी भाई बहनों ने पांरपरिक गीत संगीत व नृत्य से अतिथियों का स्वागत किया और मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वनवासी कल्याण केन्द्र के जिला अध्यक्ष हिरश्वच्द्र भगत ने किया। इस अवसर पर एक सौ जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सेवई की मुखिया सावित्री देवी, वार्ड सदस्य मंजूला देवी, चंपा कुमारी, प्रवीण कुमार, लगन प्रधान, लक्ष्मी रेखा कृष्णा आदि शामिल थे।