विधायक भूषण बाड़ा ने जुलूस-ए-मोहम्मदी में शामिल होकर लोगों को दी ईद उल मिलादुन्नबी की बधाई
सिमडेगा:इस्लाम धर्म के संस्थापक पैगम्बर हज़रत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस पर रविवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस की शुरूआत मदरसा फैजूर्रजा से हुई। इसके बाद जुलूस शहर के मुख्य चौक चौराहों से गुजरा। इस दौरान लोग बड़े-बड़े बैनर एवं झंडे लेकर शामिल हुए। जुलूस में मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा विधायक सह झारखंड सरकार के मुख्य उपसचेतक भूषण बाड़ा भी शामिल हुए। जुलूस के दौरान हुजूर की आमद मरहबा आदि नारे से सिमडेगा गुंजायमान हो उठा। जुलूस-ए-मोहम्मदी में बच्चे-युवा व वृद्ध भी बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए। जुलूस के दौरान कई स्थानों पर समाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों को जल व शरबत पिलाई। जुलूस का समापन सलाम और फातिहा के साथ किया गया।

मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि इस्लाम धर्म, त्याग और प्रेम का संगम है। उन्होंने ईद मिलाद-उन-नबी की बधाई दी। साथ ही कहा कि हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और विचारों को याद करें और मानवता की सेवा के लिए इनको अपनाएं। पैगम्बर साहब ने मानवता को करुणा और सार्वभौमिक भाईचारे का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन व शांति का पैगाम देता है। पैगम्बर साहेब से हमें सत्य, नैतिकता, त्याग और प्रेम की प्रेरणा मिलती है। हमें अपने जीवन में पैगम्बर साहेब के आदर्शों को अपनाना चाहिए। मोहम्मद पैगम्बर साहब ने उठाना, रोते हुए को हंसाना, टूटे हुए को जोड़ना और बिछड़े को मिलाने का संदेश दिया था।

मोहम्मद साहब का जन्म दुनिया के कल्याण के लिए हुआ था। इस्लाम के माध्यम से मोहम्मद साहब ने दुनिया को एकता के सूत्र में बांधने का प्रयास किया है। सभी धर्मों के लोगों से प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का पैगाम दिया है। इधर जुलूस ए मोहम्मदी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतेजाम किए गए थे। जुलूस में मौलाना रौशनुल कादरी, सदर शाहजहाँ खान, सिकरेटरी मो कलाम, मो अशफाक,मो रुस्तम, मो इसरार, अब्दुल मजीद, शरीफ खान, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन, केरसई के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डेविड तिर्की, विधायक प्रतिनिधि अख्तर खान, विधायक प्रतिनिधि सह मुखिया मुंश खेस सहित काफी संख्या में मुस्लिम धर्मावलबी उपस्थित थे।
