जलडेगा:-प्रखंड महिला आजीविका संकुल संगठन के तत्वाधान में और लीड्स संस्था के सहयोग से जलडेगा एसएस हाई स्कूल खेल मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आयोजित कर नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 महिलाओं को “नारी शक्ति सम्मान 2023” प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुवात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। तत्पश्चात नारी सशक्तिकरण से संबंधित नारा लगाकर नारी एकता का परिचय को दिखलाया गया। महिला समूहों की दीदियों ने अतिथियों को फूल माला और पुष्प गुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग ने कहा की आज की नारी आगे आ चुकी है बस जरूरत है तो हिम्मत की और साथ चलने की, एकता का परिचय हर जगह देकर नारी ने आज समाज में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। घर हो या बाहर आज महिला ही सबको चला रही हैं उन्होंने महिलाओं को शराब नहीं बनाने और न ही बेचने की सलाह दी।

इसके अलावा उन्होंने सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी फूलो झानो योजना से जुड़कर खुद को स्वावलंबी बनाने की बात कही। कार्यक्रम को प्रमुख जुसाफ लुगुन, जिला परिषद सदस्य शांता रोजालिया कंडूलना, जलडेगा मुखिया बालमुनी लुगुन, पूर्व मुखिया जयमिला लुगुन, उप प्रमुख शशि सत्यभामा बडिंग, लीड्स संस्था के परियोजना समन्वयक आलोक कुमार सहित मिशन बदलाव संस्था के भूषण भगत आदि ने भी संबोधित किया। मंच संचालन जयंती देवी ने किया। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में सीसी बेलमति बोदरा, बीआरपी ललिता हेमरोम, पुष्पा देवी, अमृता देवी, जयंती देवी, रेणु देवी, संगीता कुमारी, सरस्वती देवी, मार्सेला तिग्गा, राधा देवी बासमती देवी, सुखमती देवी, सुबरदानी लुगुन, प्रभा देवी आदि महिलाओं का विशेष रूप से सहयोग रहा।
