सिमडेगा:पायोनियर कंप्यूटर सेंटर में रविवार को फाउंडेशन डे सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मौके पर डांस प्रतियोगिता भी हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी के इस युग कंप्यूटर शिक्षा हर एक पेशे का एक अभिन्न अंग बन गया है। कंप्यूटर शिक्षा इन दिनों हमारे जीवन के लगभग हर क्षेत्र पर हावी हो रहे हैं। इससे अब पीछे हटना संभव नहीं है। पायोनियर कंप्यूटर सेंटर वर्षों से कम खर्च पर जिले के गरीब से गरीब छात्रों को कंप्यूटर ज्ञान दे रहा है। जो सराहनीय है। यहां से पढ़कर आज कई युवा विभिन्न विभागों में नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए वे हर संभव मदद करेंगे। मौके पर विधायक सहित पाकरटांड़ जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने सेंटर की 30 छात्रों के बीच टैबलेट का वितरण किया। संचालक राहुल कुमार ने बताया कि टैबलेट टेक्नोसिस एजुकेशन बिलासपुर के तहत आयोजित परीक्षा में सफल छात्रों को दिया गया है।

प्रतियोगिता में जज के रुप में जिप सदस्य जोसिमा खाखा, प्रीति नूर कुल्लू उपस्थित थे। प्रतियोगिता में सुमन ग्रुप को प्रथम, लक्ष्मी ग्रुप को द्वितीय तथा आरती ग्रुप को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।मौके पर जोसिमा खाखा ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही आगे बढ़ने का सन्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा के पहल पर जिले की शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। विधायक ने अपने मद से कई स्कूलों में पुस्तक सहित अन्य पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। इसके लिए निविदा भी निकाली जा चुकी है। इसके बाद शिक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। वहीं गरीब बच्चों को विभिन्न तरह की पुस्तकें आसानी से उपलब्ध होगा। मौके पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन, मो अरमान, शिक्षक अरुण शर्मा, ललिता, प्रीति नूर कुल्लू, मणि कुमारी सिंह आदि उपस्थित थे।
