सिमडेगा: झारखंड प्रांत के दक्षिण पश्चिमी हिस्से में स्थित सिमडेगा जिला दोनों पहाड़ों तथा पहाड़ी नदियों से आच्छादित है। जो उत्तर में गुमला पूर्व में रांची एवं पश्चिम सिंहभूम दक्षिण में उड़ीसा एवं पश्चिम में छत्तीसगढ़ से घिरा हुआ है। प्रकृति की गोद में बसा मनोरम छटा बिखेरते हुए सिमडेगा जिला समुद्र तल से 220 फीट ऊंचाई पर स्थित है जहां का प्राकृतिक नजारा अनुपम एवं अद्वितीय है। सिमडेगा जिला की स्थापना 30 अप्रैल 2001 को विधिवत रूप से गुमला जिले से अलग कर की गई थी। वर्ष 1915 ईस्वी में अनुमंडल बने सिमडेगा को 86 वर्षों के बाद जिला का दर्जा प्राप्त हुआ। वही आज सिमडेगा जिला का 22 वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस शुभ अवसर पर सिमडेगा बाजारटांड़ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में उपायुक्त सिमडेगा आर. राॅनीटा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार सहित जिले के सभी पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। साथ ही महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा सहित जिले के सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। उपायुक्त सिमडेगा आर. राॅनीटा ने समस्त जिला वासियों को जिला स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए , कहा – विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहे सिमडेगा।

साथ ही उन्होंने कहा सरकार की सभी जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए विकास के पथ पर आगे की ओर अग्रसर है। गत 22 वर्षों में जिला ने लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं तो वहीं दूसरी और कठिन चुनौतियों का भी पूरी मजबूती से सामना किया है अशिक्षा, गरीबी, नक्सल आदि की समस्याएं काफी हद तक कम हुईं तो दूसरी ओर सड़क, भवन, बिजली की दिशा में बेहतर कार्य किया गया है। आदिवासी बहुल सिमडेगा में लगभग 71 प्रतिशत जनजातियां निवास करती है। जनजातियों के विकास के लिए विकास की योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। शिक्षा के क्षेत्र में सिमडेगा जिला लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है।मौके पर उप विकास आयुक्त अरुण वाल्टर सांगा, वन प्रमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार गुप्ता, आईटीडीए निर्देशक सलन भुईयां, अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह, एसडीपीओ डेविड ए डोडराय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार रजक, अंचल अधिकारी प्रताप मिंज, सहित जिला के अन्य पदाधिकारी गण एवं प्रेस की मीडिया बंधु उपस्थित थे।
