सिमडेगा:मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के रवि कुमार ने परिसदन भवन सिमडेगा के सभागार में बुधवार को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।

इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित एसएसआर 2024 से संबंधित के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बूथ निरीक्षण के दौरान पाए गए समस्याओं को संबंधित ईआरओ. एवं एईआरओ से जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने प्रपत्र- 6,7 एवं 8 से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 अंतर्गत नये मतदाता को जोड़ने हेतु प्रपत्र -6 की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ई-विद्या वाहिनी प्रीफील्ड प्रपत्र-06 का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्यनरत वैसे छात्र-छात्रा जिनकी उम्र 01 जनवरी 2024 या 01 अक्टूबर 2024 तक 18 वर्ष हो रही है, उनका नाम प्रपत्र- 6 में भरकर उन्हें वोटर लिस्ट से जोड़ना है। इस संबंध में शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालय से जो बच्चें पास आउट होकर चले गए या ड्रॉप आउट हैं उसका ट्रेस करते हुए प्रपत्र -6 भरकर ससमय पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने मतदाता सूची में ब्लैक एंड वाइट फोटाग्राफ को रंगीन फोटोग्राफ से बदलने, मृत मतदाता का सूची से नाम डिलीट सुनिश्चित करने के कार्य को त्वरित गति से कराने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी महेंद्र छोटन उराॅंव, उपनिर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार एवं अन्य उपस्थित थे।