सिमडेगा:भाजपा के बी टीम के रूप में उभर कर सामने आ रही है कांग्रेस पार्टी कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस को वोट देने का मतलब अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को ही समर्थन देना लग रहा है। झारखंड पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री एनोस एक्का सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस पर हमला बोला है। एनोस एक्का ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस पार्टी की एकमात्र सांसद गीता कोड़ा सोमवार को भाजपा में शामिल हो गई। लोकसभा में झारखंड कांग्रेस मुक्त हो गई है।इसके अलावे कांग्रेस के कई विधायक के द्वारा भाजपा के द्वारा करोड़ों रुपए लेने की बात मीडिया से लोग जान चुके हैं। उन्होंने जिले के दोनों कांग्रेस विधायक पर भी जनता की भावनाओं का ख्याल नहीं रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायकों को जिले के विकास से और लोगों की समस्या से कोई मतलब नहीं है। जिले के जनप्रतिनिधि क्षेत्र में नफरत फैला कर प्रेम और स्नेह के वातावरण को खत्म करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि लोगों के बीच जाकर धर्म के बारे में बेतुका और बेबुनियाद बातें कह कर लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। एनोस ने कहा कि झारखंड पार्टी राज्य की सबसे पुरानी पार्टी है और अलग झारखंड की लड़ाई में झारखंड पार्टी का योगदान अहम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी लोगों के आशीर्वाद, प्यार और समर्थन के दम पर झारखंड पार्टी एक बार फिर अपना परचम लहराएगी और लोगों की सेवा करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड पार्टी ऐसा सिमडेगा जिला कोलेबिरा और सिमडेगा विधान सभा बनना चाहती है, जिसमें सभी आदिवासियों, मूलवासियों एवं आम नागरिकों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिलेगा। हर परिवार को रोटी, कपड़ा, मकान, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, हर विद्यार्थी को शिक्षा, हर खेत को पानी तथा युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ा जायेगा। हाथी के उत्पात से निजात दिलाया जायेगा। बालू जैसी समस्याओं को दूर किया जाएगा। अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। सिमडेगा जिला प्रगति की राह पर आगे बढ़ता जायेगा। उन्होंने धर्म,जाति,अमीरी गरीबी, ऊच-नीच आदि की भावना से ऊपर उठकर झारखंड पार्टी को समर्थन देने की अपील की।
