विकास साहू

सिमडेगा :रंगों का त्योहार होली जिले में उमंग, उत्साह और अमन का पैगाम लेकर आया एवं मंगलवार को लोगों ने जमकर होली खेली और एक दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी। रंगो की बौछार में लोगो ने आपसी बैर भाव को धो दिया और खुलकर गले मिले। अमीर गरीब सभी लाल, पीले और अन्य चटख रंगों से रंगे रहे। होली का त्योहार अमीरों और गरीबों के बीच भी सौहार्द्र का पुल बना। महिलाएं और बच्चे भी पीछे नहीं रहे। शहर की गालियों में इनकी टोलियां होली का हुड़दंग मचाती रहीं। शाम को अबीर गुलाल का दौर चला। लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और बड़े बुजुर्गों को प्रणाम कर उनका आर्शीवाद लिया। इससे पहले फाल्गुन पूर्णिमा की रात शहर के श्रीरामजानकी मंदिर, यूथ कम्बीनेशन, गांधी मैदान, प्रिंस चौक, कुंज नगर, सदर अस्पताल के निकट और अन्य जगहों में होलिका दहन किया गया। लोगो ने चने के पौधों को इस आग में सेंककर प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।
इधर ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचल में रंगों का त्योहार होली सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मौके पर प्रखंड मुख्यालय में शिव मंदिर परिसर और ब्लॉक कलोनी में विधि-विधान पूर्वक पूजन-अनुष्ठान के साथ होलिका दहन किया गया। सोवार की प्रातः से ही बच्चो और युवाओं की टोली का एक दूसरे पर रंग डालते देखा गया। अपराह्न के बाद लोगों को एक दूसरे का अबीर-गुलाल लगा होली का बधाई देते देखा गया। मौके पर दूसरे धर्म के अनुयायी भी आपसी एकता मिसाल दिखाते हुए लोगों को होली की बधाई दी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सच्चिदानंद गुप्ता पुलिस बल के साथ मुस्तैद देखे गए। बोलबा मुख्यालय में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगो ने एक दूसरे को रंग अबीर लगा कर होली का बधाई दी। वहीं पर्व को लेकर पुलिस बल लगातार गश्त करते देखे गए। जलडेगा मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंगलवार की सुबह से ही युवाओ और बच्चों की टोली घूम-घूम कर एक दूसरे को रंग अबीर लगाते देखे गए। वहीं लोगो ने एक दूसरे को होली की बधाई दी। वहीं बांसजोर, ओड़गा, कोनमेरला आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगो ने जमकर होली खेली। वहीं एक दूसरे को होली की बधाई भी दी। कुरडेग प्रखंड के घाघमुंडा, लबडेरा, गाड़ियाजोर, कुटमाकछार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने जमकर होली खेलते नजर आए। विशेष कर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। बानो में लचरागढ़, बानो में रंगो का त्योहार होली धूमधाम से मनाया गया। मौके पर लोगो ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वही बार्ना राधा कृष्ण मंदिर में भी होली महोत्सव में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इधर कोलेबिरा में शांति और भाईचारे का संदेश होली प्रखंड में काफी हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। इससे एक दिन पूर्व ग्रामीणों ने बरवाडीह मोड़, पुजार टोली, भंरपहाड़ रोड, थाना मोड़, बस स्टैंड आदि के पास होलिका दहन का कार्यक्रम किया। लोगों के द्वारा घर घर जाकर लकड़ी मांगी गयी, जिससे होलिका दहन का आयोजन किया गया। सुबह होते ही रंग खेलने वालो की टोली छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट कर होली गाते और एक दूसरे पर रंग गुलाल मलते हुए गले मिलकर होली की बधाई दी। इस असर पर बच्चो में विशेष उत्साह दिखा। युवकों के द्वारा मटका फोड़ का भी आयोजन किया गया। होली पर्व पर मुर्गा व खस्सी मीट की भी जम कर बिक्री हुई। हालांकि खस्सी विक्रेताओं ने पर्व के दिन 650 रु प्रति किलो की दर से खस्सी मीट बेचते देखे गए। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मुस्तैद देखे गए। इधर पाकरटांड़ प्रखंड के बसतपुर, कोबांग, भादुरटोली, टकबा, केशलपुर, रामरेखा, कैरबेड़ा आदि गांव में भी ग्रामीणों ने धूमधाम से होली खेलते हुए एक दूसरे को बधाई दी। वहीं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहे।

तामड़ा गांव में दिखी अनोखी होली
सिमडेगा सदर प्रखंड अंतर्गत ताम्र गांव में होली का पर्व का एक अलग ही इतिहास रहा है ,जहां पर सुबह से ही नगर कीर्तन का आयोजन करते हुए फगुआ के रंग में पूरे गांव के लोग रंगे हुए नजर आए। गांव में अपने से बड़ों को विधिवत रूप से आशीर्वाद लेते हुए रंग गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी ,इस दौरान जमकर नाचते गाते हुए होली पर्व का आनंद लिया। बताया गया कि गांव में नगर कीर्तन पूरे जिले में सबसे ऐतिहासिक तरीके से की जाती है जहां पर सभी लोग प्रत्येक घर में भजन चैता गायन गाते हुए लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हैं वहीं इस मौके पर गांव के सभी बड़े छोटे मौजूद रहे और घर-घर नगर कीर्तन रात 2:00 बजे तक लगातार गाया गया, जिसके बाद धूमधाम के साथ होली का पर्व संपन्न हुई।