पालकोट के बघिमा में वीर शहीद तेलंगा खडि़या स्मारक समिति अंबाटोली द्वारा चार दिनी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को किया गया। प्रतियोगिता में कोलेंगा ने दमकारा को 2-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रुप में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा उपस्थित थे। उन्होंने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। विधायक ने खेल आयोजन के लिए समिति के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही आयोजन को स्थानीय खिलाडि़यों की प्रतिभा निखारने के लिए कारगर बताया। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में रोजगार की आपार संभावना है। हमारी सरकार खेल के विकास एवं खिलाडि़यों को रोजगार देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पालकोट प्रखंड को विकसित करने का कवायद शुरु हो चुकी है। हमारे प्रयास से पालकोट प्रखंड को पर्यटक स्थल के रुप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में पालकोट तेज गति के साथ विकास किया जाएगा। विधायक ने सरकार की योजनाओं की भी जानकारी देते हुए उसका लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने सरकार द्वारा 1932 का खतियान लागू करने एवं ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे एतिहासिक बताया। मौके पर गुमला जिलाध्यक्ष रोशन बरवा, जिप सदस्य जोसिमा खाखा, भुनेश्वर राम, बसंत गुप्ता, रोहित एक्का आदि उपस्थित थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में एम खडि़या, पॉल टोप्पो, अनुज सोरेंग, बालगोविंद, अनिल खडि़या, दशई खडि़या सहित समिति के सभी सदस्यों का योगदान रहा।
विधायक भूषण बाड़ा के प्रयास से बढ़ी है खेल गतिविधियां: जोसिमा खाखा
जोसिमा खाखा ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा के प्रयास से क्षेत्र में खेल गतिविधियां तेजी से बढ़ी है। सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति राज्य के खिलाडि़यों, कोच तथा प्रशिक्षकों के लिए समर्पित है। महागठबंधन की सरकार एक एक कर अपने सभी वायदे पुरा कर रही है।
–
