पाकरटांड़ के केशलपुर में खेलो झारखंड कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिता शुरु
पाकरटांड:खेलो झारखंड कार्यक्रम के तहत पाकरटांड़ के केशलपुर में विभिन्न प्रतियोगिता हुई। दो दिनों तक वाले प्रतियोगिता का उदघाटन मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर किया। मौके पर प्रमुख रजत लकड़ा, बीडीओ शक्ति कूंज, सीओ पंकज कुमार आदि ने भी खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त कर खिलाडि़यों को शुभकामना दी। प्रतियोगिता में दौड़, मेंढक रेस, कुर्सी रेस, बिस्कीट रेस,लंबी-ऊंची कूद, भाला फेंक प्रतियोगिता हुई। इसके अलावे हॉकी एवं फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सभी विद्यालयों के काफी संख्या में बच्चे शामिल हुए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियो को मंगलवार को अंतिम दिन मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। अपने संबोधन में जोसिमा खाखा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ खेलकूद का भी आयोजन जरुरी है। खेलकूद प्रतियोगिता से शारीरीक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चे जीवन में जुझना सिखते हैं। जोसिमा खाखा ने प्रतियोगिता में असफल होने वाले विद्यार्थियों को निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ आगे के प्रतियोगिता की तैयारी में जुट जाने की अपील की। उन्होंने महागठबंधन सरकार के इस पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। साथ ही कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए काफी लाभदायक होगा।
