· एमपीडब्ल्यू कर्मचारी स्कूलों में जाकर बच्चों को फाईलेरिया रोधी दवा खाने की कर रहे हैं अपील
सिमडेगा
जिले में फाईलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम एमडीए को लेकर स्कूलों में जागरुकता अभियान शुरु हो गया। अभियान के तहत एमपीडब्ल्यू कर्मचारी स्कूलों में जाकर बच्चों को फाईलेरिया से बचाव को लेकर जानकारी दी। इस दौरान फाईलेरिया बीमारी के लक्षण की भी जानकारी दी गई। साथ ही फाईलेरिया से बचने के लिए फाईलेरिया रोधी दवा एवं सोते समय मच्छरदानी लगाकर सोने की अपील की गई। कार्यक्रम में बताया कि एमडीए फाईलेरिया मुक्ति को लेकर एमडीएम कार्यक्रम शहरी क्षेत्र के अलावे बानो, कुरडेग एवं ठेठईटांगर प्रखंड में चलेगा। इसके तहत दस फरवरी को बूथ बनाकर लोगों को दवा का सेवन कराया जाएगा। इसके अलावे 15 से 20 फरवरी तक डोर टू डोर जाकर सेविका, सहायिका, एवं सहिया द्वारा अपनी उपस्थिति में लोगों को दवा का सेवन करया जाएगा। कर्मचारियों बच्चों को फाईलेरिया रोधी दवा का सेवन करने एवं अपने परिवार के सभी सदस्यों को भी दवा का सेवन कराने की अपील की। अभियान में डीईसी, आईभरमेक्टिन एवं एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन करने की बात कही। बताया गया कि अभियान के दौरान दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर बिमारी से ग्रसित मरीजों को दवा का सेवन नहीं कराया जाएगा। मौके पर बच्चों के बीच फाईलेरिया बीमारी से संबंधित क्विच प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

105 से भी अधिक स्कूलों में चलाया जाएगा अभियान
मलेरिया सलाहकार सुशांत कुमार ने बताया कि जागरुकता अभियान शहरी क्षेत्र सहित बानो, कुरडेग व ठेठईटांगर प्रखंड के अधिन स्कूलों में चलेगा। बताया कि 24 जनवरी से चलने वाले जागरुकता अभियान 105 से भी अधिक स्कूलों एवं कॉलेजों में चलाया जाएगा। अभियान की सफलता के लिए कई एमपीडब्ल्यू कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।