सिमडेगा:महिला संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को खूंटीटोली चर्च मैदान में बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिप सदस्य जोसिमा खाखा व विशप मुरेल बिलुंग ने संयुक्त रुप से किया। प्रतियोगिता के फाईनल मैच में ग्रीन गार्डेन ने फसराबेड़ा को 1-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। विजेता एवं उपविजेता टीम को जोसिमा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अपने संबोधित में जोसिमा खाखा ने कहा कि महिलाओं ने बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर बता दिया हम महिलाएं अब किसी से कम नहीं है। हमारे अंदर भी हर कार्य करने का जज्बा है। उन्होंने कहा कि आप सभी महिलाएं अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आपसे सीख लेकर अन्य महिलाएं भी प्रतियोगिता का आयोजन कराने के लिए आगे आएंगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय खिलाडि़यों की प्रतिभा निखारने का मंच है। ऐसे आयोजन से ही जिले के होनहार युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा की पहचान देश-विदेश में बना रहे हैं। जोसिमा ने कहा कि जब से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी खेल का विकास एवं खिलाडि़यों की प्रतिभा में निखार आया है। जगह जगह मैदान का विस्तार हुआ है। खिलाडि़यों को सीधी नौकरी मिल रही है। विधायक भूषण बाड़ा भी खेल के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। मौके पर बिपिन तिग्गा, जोनसन मिंज, पादरी सिमोन हेरेंज, पादरी एसुनाजरी, पादरी जेम्स जोजो, सूचित हेरेंज, उर्मिला केरकेट्टा, लीला नाग, पूनम लकड़ा, प्रतिमा कुजूर आदि उपस्थित थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति की प्रेमधानी हेमरोम, बहालेन लकड़ा, सुमन हेमरोम, गोडलीन समद सहित सभी सदस्याओं का अहम योगदान रहा।

135