सिमडेगा:स्वराज 75 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बीरू कंपलेक्स स्थित गुरुकुल इंस्टिट्यूट में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मौके पर

स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड की भूमिका विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। संस्थान के निदेशक रविंद्र सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वराज 75 आयोजन समिति के अजय जी, सह संयोजक श्रद्धानंद बेसरा उपस्थित थे। कार्यक्रम में संस्थान के छात्रों ने झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों के संबंध में निबंध लिखा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर अपने संबोधन में अजय जी ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास हमारे लिए प्रेरणादायक और गौरवमयी है, लेकिन कुछ इतिहासकारों के द्वारा स्वतंत्रा संग्राम को गलत तरीके से पेश किए जाने के कारण आज का युवा वर्ग संघर्ष की उस कहानी से अनजान रह जा रहा है। उन्होंने झारखंड और देश के कई स्वतंत्र सेनानियों का जिक्र करते हुए कहा कि जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांसे ले पा रहे हैं उन स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धा और सम्मान देना ही हमारे जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भी हमारा तंत्र हमारे अपने देश के स्वत्व की भावना से नहीं चल रहा है जिससे देश में अराजकता का भाव उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की गलत व्याख्या के कारण आज का युवा संघर्ष से डरता है। अजय जी ने छात्रों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा जगाते हुए कहा कि हमारा अपना सब कुछ सबसे पहले देश के लिए होना चाहिए। जो व्यक्ति देश के लिए नहीं सोच सकता है उसका जीवन अधूरा है। उन्होंने कई कवि के कविताओं का पाठ करते हुए भी छात्रों के बीच देशभक्ति का संचार किया। उन्होंने कहा कि हमें पढ़ लिख कर एक अच्छा इंसान बनना है और अपनी पढ़ाई को देश की सेवा में लगा कर देश को गुरु दक्षिणा देना है। अजय जी ने छात्रो को भारत को जानो,भारत को मानो,भारत का बनो और भारत को बनाओ ये चार मंत्र देते हुए स्वराज 75 के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्वराज 75 के माध्यम से हम अपने क्षेत्र के उन स्वतंत्रता सेनानियों की खोज करेंगे जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपना कुछ ना कुछ योगदान दिया हो। इसके अलावा स्वराज 75 के माध्यम से क्षेत्र के वीर सैनिकों, श्रमसाधक, मातृशक्ति आदि को भी सम्मानित किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक रविंद्र कुमार ने भी देश भक्ति और राष्ट्र भक्ति के साथ पढ़ाई करने की बात कही। कार्यक्रम में मंच संचालन संस्थान के शिक्षक हीरा कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रीतम कुमार ने किया। मौके पर कई लोग उपस्थित थे।