
कोलेबिरा:-शनिवार को अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा का हृदयाघात से निधन हो गया। कोलेबिरा में हृदयाघात के बाद बेहतर इलाज हेतु रांची ले जाने के क्रम में शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार कोलेबिरा प्रखण्ड स्थित उनके पैतृक गांव कोरकोटोली, अघरमा पंचायत में रविवार को किया जाएगा। ज्ञात हो कि जस्टिन केरकेट्टा 1978 के हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के सदस्य थे।प्रखंड के अघरमा निवासी पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा के निधन पर केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद अर्जुन मुंडा ने शोक जताते हुए कहा की अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा के निधन पर नासिर सिमडेगा बल्कि झारखंड हॉकी जगत के लिए भी दुखद घटना है। इनके मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से कितने ही नौजवान हॉकी खिलाड़ी आगे बढ़ रहे थे और अपना भविष्य देख रहे थे। ईश्वर इनकी आत्मा को शांति प्रदान करें श्री चरणों में स्थान दे।
इधर विधायक भूषण बाड़ा ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया है। विधायक ने कहा कि ओलंपियन जस्टिन केरकेट्टा के निधन की खबर से दुख हुआ। वह भारत के एक शानदार हॉकी खिलाड़ी थे और उनकी खेल प्रतिभा भविष्य के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं है। उन्होंने कहा कि जस्टिन केरकेट्टा की उपलब्धि को दुनिया भर का हॉकी समुदाय याद रखेगा। जस्टिन केरकेट्टा के निधन पर हम ईश्वर से उनके आत्मा की शांति और परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं। यह भारतीय हॉकी के साथ-साथ झारखंड हॉकी के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। इधर विधायक की धर्मपत्नी सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने भी हॉकी खिलाड़ी जस्टिन केरकेट्टा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही इसे हॉकी खेल के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।