जलडेगा:प्रखंड के ओड़गा उच्च विद्यालय मैदान प्रांगण में बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एनोस एक्का, झापा युवा जिलाध्यक्ष सन्देश एक्का,विशिष्ट अतिथि सुजान मुंडा एवं थाना प्रभारी पंकज कुमार उपस्थित थे। इस दौरान आयोजन समिति के द्वारा आगंतुक अतिथियों को माला पहनकर स्वागत किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया, इसके बाद विधिवत कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के द्वारा किया गया। इसके बाद नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न आसपास के गांव के नृत्य मंडलियों के द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुति करते हुए उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वही इस मौके पर पूर्व मंत्री एनोस एक्का ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा झारखंड ही नहीं अपितु पूरे आदिवासी जनजातीय समुदाय के लिए एक जननायक के रूप में जाने जाते हैं ,जिन्हें हम भगवान का दर्जा दिए हैं। जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लगातार उलगुलान छेड़ते हुए हक अधिकार की रक्षा के लिए अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई थी,उन्होंने जिस प्रकार से अंग्रेजी हुकूमत के सत्ता को हिला कर रख दिया था हमें उनके जीवनी से सीख लेने की आवश्यकता है। आप सभी अपने हक अधिकार के लिए संगठित रहें और समाज में दबे कुचले लोगों को आगे लाने का प्रयास करें। भगवान बिरसा मुंडा के जयंती के दिन ही इस राज्य की स्थापना हुई और राज्य बने हुए 23 साल हो गए लेकिन वर्तमान समय में जो राज्य की हालत है वह किसी से छुपा हुआ नहीं है। हर तरफ लूट ,हत्या ,बलात्कार और राज्य की विकास की गति पूरी तरह से रुक गई है. इसीलिए आप सभी एकजुट रहें और आगामी चुनाव में अपनी वोट की कीमत को पहचानते हुए सही एवं योग्य प्रत्याशी का चुनाव कर इस क्षेत्र का विकास करें। कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं विजेता नृत्य मंडली को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया मौके पर बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस आयोजन समिति ओड़गा के पदाधिकारी एवं ओलिवर लकड़ा,ललन प्रसाद, अमन खेस अनुकरण लकड़ा, विश्राम कछुआ, जोलेन लुगुन, आशीष साहू ,आकाश साहू,ओड़गा मुखिया मुकुट समद,पंचायत समिति दीपक कुमार महतो आदि उपस्थित थे।
