:जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सिमडेगा में जेसीईआरटी और प्राचार्य डायट के निर्देशानुसार जिला स्तरीय विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त कंचन सिंह मुख्य अतिथि थीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मैक्सिमा लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि मो. सम्मी आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा तथा जिला शिक्षा अधीक्षक-सह प्राचार्य डायट दीपक राम मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद प्राचार्य डायट ने अतिथियों को पौधा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। जिला शिक्षा अधीक्षक ने स्वागत भाषण दिया, वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रदर्शनी के उद्देश्य और महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान ऐसी संपत्ति है जिसे कोई छीन नहीं सकता। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा शिक्षा को मॉडल के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास उनके भविष्य को मजबूत बनाएगा। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से अधिक से अधिक विद्यालयों को प्रदर्शनी में शामिल करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने जोर दिया कि स्वयं के हाथों से बनाया गया मॉडल सीखने को स्थायी बनाता है और बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ाता है।प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कुल 710 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्णायक मंडली ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर मॉडल की प्रस्तुति, नवाचार और विषय की समझ के आधार पर परिणाम घोषित किए।सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उपायुक्त और अतिथियों द्वारा मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया गया।निर्णायक मंडली में अमित चतुर्वेदी (पिरामल फाउंडेशन), पंचानन महतो (अजीम प्रेमजी फाउंडेशन), केशव तिवारी (रूम टू रीड) और डायट संकाय सदस्य सुनील कुमार गुप्ता, अनिल कुमार तथा कंचन मंगला किंडो शामिल थे।कार्यक्रम संचालन जैकब लकड़ा, मयंक शेखर दास और विवेक केरकेट्टा ने किया, जबकि डायट टीम के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।
विज्ञान प्रदर्शनी (कक्षा 1–8 संवर्ग)
प्रथम: राजकीयकृत मध्य विद्यालय ठाकुर टोली
द्वितीय: उत्क्रमित मध्य विद्यालय पुरनाडीह सिमडेगा
तृतीय: जी आई एल मध्य विद्यालय किनकेल
विज्ञान प्रदर्शनी (उच्च विद्यालय संवर्ग)
प्रथम: राजकीयकृत उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय रामलोया पाकरटाड़
द्वितीय: सेंट मेरिज प्लस टू उच्च विद्यालय सिमडेगा
तृतीय: राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कुरडेग
सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी (कक्षा 1–8 संवर्ग)
प्रथम: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलडेगा
द्वितीय: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय जयंती ग्राम अरानी
तृतीय: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय टैंसेरा कोलेबिरा
सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी (उच्च विद्यालय संवर्ग)
प्रथम: राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय सारंगपानी
द्वितीय: राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिकरियाटांड
तृतीय: राजकीय माध्यमिक विद्यालय जितियाटोली कोलेबिरा
