रबी फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए महिला किसानों को दिया प्रशिक्षण

जलडेगा प्रखंड के भीतबुना और डूमरबेड़ा गांव में लीड्स संस्था द्वारा कुल 50 महिला किसानों को उन्नत तरीके से रबी फसलों की अधिक पैदावार लेने का गुर सिखाया गया। इस अवसर पर किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने की भी जानकारी दी गई और रसायनिक खाद से होने वाले नुकसान के बारे में महिला किसानों को जागरूक किया गया। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आत्मा के बीटीएम राजेश बागे, एटीएम नितेश पौल एक्का और सुजीत प्रसाद कुशवाहा ने महिला किसानों को प्रशिक्षण दिया जिसमें किसानों को रबी फसल की बुआई के दौरान आधुनिक तकनीक व जैविक तरीके से खेती करने की सलाह देते हुए कहा कि वर्तमान दौर में प्रकृति में काफी तेजी से बदलाव आ रहा है। जिसके कारण बहुत ही तेजी से सभी जगह भूगर्भ जल का स्तर नीचे भाग रहा है। जिसके कारण सभी जगह लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।

एक तरफ जहां लोगों को पेयजल की समस्याएं उत्पन्न होती जा रही है तो दूसरी तरफ पशुओं को भी पानी मिलना मुश्किल होता जा रहा है। बीटीएम ने महिला किसानों को कम से कम पानी से उपजने वाले फसलों कोे बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही उन्होंने जैविक खेती पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि आप लोग जैविक तरीके को अपनाकर कम पूंजी में अधिक से अधिक फसल उपजा कर अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के कार्यक्रम समन्यवक आलोक कुमार, जोसेफ लुगुन और कलिंद्र प्रधान का विशेष योगदान रहा।

Related posts

Leave a Comment