रेक्टर फा पीयूष खलखो की अगुवाई में सोगड़ा चर्च में मना ईस्टर

पाकरटांड: रविवार को ईस्टर का त्योहार धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मौके पर मसीही धर्मावलम्बी विशेष प्रार्थना के लिए विभिन्न चर्चों और कब्रिस्तानों में शामिल हुए। सोगड़ा चर्च, संत अन्ना महागिरजाघर, पिथरा चर्च, बनाबिरा चर्च सहित जिले के अन्य सभी चर्चों के साथ-साथ जीईएल मतावलंबियों के विभिन्न कब्रिस्तानों में विश्वासियों ने पहुंचकर विशेष प्रार्थना की। सोगड़ा चर्च में संत मेंरीज के रेक्टर फा पीयूष खलखो की अगुवाई में मिस्सा बलिदान चढ़ाया गया। उनका सहयोग फा प्रदीप तिर्की ने किया। फा पीयूष ने विश्वासियों को ईस्टर की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मृत्य अंत नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत है। मौके पर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और जिप सदस्य जोसिमा खाखा भी उपस्थित थे। विधायक भूषण बाड़ा ने भी लोगों को ईस्टर की बधाई एवं शुभकामना दी। विधायक ने कहा कि ईस्टर मृत्यु पर विजय का पर्व है। यह पर्व हमें बताता है कि जीवन है तो मृत्यु भी है और मृत्यु के बाद भी एक नया जीवन है। विधायक ने कहा कि प्रभु येसु को शूली पर चढ़ा दी गई थी। आज के दिन वे जी उठे थे। जी उठने के बाद उन्होंने उन लोगों को माफ कर दिया, जिन्होंने उन्हें शूली पर चढ़ाया था।