सुंदरपूर भुड़ूटोली स्थित डुबकी चर्च में आयोजित नवाखानी पर्व में शामिल हुए विधायक भूषण बाड़ा

सिमडेगा:सुंदरपूर भुड़ूटोली स्थित डुबकी चर्च में रविवार को नवाखानी पर्व हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक भूषण बाड़ा और जिप सदस्य जोसिमा खाखा उपस्थित थे। विधायक के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि ईश्‍वर की असीम कृपा से बारिश होती है और हम धरती से अन्न उपजाते हैं। आज का दिन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे परिश्रम का फल हमें मिला है। विधायक ने अन्न के उपज का कुछ हिस्सा गरीबों के लिए रखने की अपील करते हुए कहा भूखे को भी खाना खिलाएं। अन्न का कुछ अनाथ एवं गरीबों को दान करें। कोशिश करें कि हमारे साथ साथ आसपड़ोस में भी कोई भी भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि हमें हर साल इसी तरह फसल से अनाज की प्राप्ति हो। अन्नदाता के प्रति कृतज्ञ होकर उन्हें याद करें। मनुष्य तो केवल प्रयास करता है। लेकिन उस प्रयास को सफल बनाने में ईश्वर की कृपा होती है। नवाखानी का पर्व अच्‍छी फसल की उपज के लिए ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है। मौके पर मसीही धर्मावलंबियों ने धान, मुंगफली,कंद, उरद सहित कई सब्जियां की उपज का पहला दाना को डालिया में सजा कर ईश्‍वर को समर्पित किया। वहीं जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने भी लोगों को पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा नवाखानी पर्व ईश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट करने का दिन है। पर्व के माध्यम से हम ईश्वर के प्रति आभार प्रकट करें। उन्होंने अन्न का कुछ हिस्सा गरीबों के लिए भी रखने का अपील की। मौके पर मिस्सा पूजा बलिदान भी चढ़ाया गया। कार्यक्रम में प्रमिला कुजूर, उर्मिला केरकेट्टा,पूनम लकड़ा आदि उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment