सिमडेगा में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान खरीद शुरू

 किसानों को मिलेगा ₹2450 प्रति क्विंटल एमएसपी

सिमडेगा : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू कर दी गई है। जिले में धान खरीद का विधिवत शुभारंभ बानो प्रखंड के सिम्हातु लैम्पस में विधायक तोरपा सुदिप गुड़िया एवं उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बुजुर्ग माता-पिताओं के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बानो प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।वहीं ठेठईटांगर प्रखंड के मेरोमडेगा लैम्पस में सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, मेरोमडेगा मुखिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से धान खरीद का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा अन्य लैम्पसों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने धान खरीद व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों और लैम्पस प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।राज्य सरकार द्वारा धान क्रय हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। जिले में कुल 16 चयनित लैम्पसों के माध्यम से धान खरीद की जानी है, जिसमें प्रथम दिन 12 लैम्पसों में खरीद प्रारंभ की गई। इनमें सिमडेगा प्रखंड के अरानी, ठेठईटांगर के मेरोमडेगा एवं पाईकपारा, कुरडेग के कुरडेग, चड़रीमुण्डा एवं डुमरडीह, पाकरटांड़ के क्रूशकेला, कोलेबिरा के रसिया, बानो के सिम्हातु एवं गेनमेर तथा जलडेगा के टिनगिना एवं परबा लैम्पस शामिल हैं।डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ई-उपार्जन मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है, जिसे ई-उपार्जन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से किसान स्वयं पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी क्रय केंद्रों पर 4G सक्षम ई-पॉस मशीनों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।जो किसान अब तक ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे ई-उपार्जन पोर्टल या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैम्पस में ही धान बेचें और बिचौलियों के झांसे में आकर कम दाम पर धान न बेचें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन 1967 या 18002125512 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रेम, सेवा, सद्भाव और शांति का संदेश देता है क्रिसमस : विधायक सुदीप गुड़िया

क्रिसमस गैदरिंग हंसी-खुशी और खुशियां बांटने का पर्व : उपायुक्त कंचन सिंह 

बानो: मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बानो में सोमवार को क्रिसमस गैदरिंग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान की छात्र-छात्राओं एवं शिक्षिकाओं द्वारा कार्यक्रम को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुदीप गुड़िया, विशिष्ट अतिथि उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह, अतिथि फादर विजय, डॉ. मोहित सवैया तथा संस्थान के निदेशक डॉ. प्रह्लाद मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि विधायक सुदीप गुड़िया ने क्रिसमस को प्रेम, सेवा और शांति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्र बानो में मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग का संचालन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है।विशिष्ट अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि क्रिसमस हंसी-खुशी और खुशियां बांटने का पर्व है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में अनुशासन अपनाने, लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने, नशे से दूर रहने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।अतिथि फादर विजय ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति और सौहार्द का त्योहार है, जो हमें दया, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं डॉ. मोहित सवैया ने जीसस के प्रेम और करुणा को जीवन में अपनाने, नशे से दूर रहने तथा एक-दूसरे का सम्मान करने का संदेश दिया।संस्थान के निदेशक डॉ. प्रह्लाद मिश्रा ने कहा कि क्रिसमस प्रेम और करुणा का संदेश देता है, जो जीवन में खुशियों का रंग भरता है।

उन्होंने सभी को क्रिसमस एवं नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंच संचालन जीएनएम की छात्रा अलका एवं एएनएम की छात्रा मनीषा ने किया।मौके पर एनडीसी समीर रैनियार खलखो, बीडीओ बानो नईमुद्दीन अंसारी, संस्थान की सचिव निभा मिश्रा, बिल्लू अग्रवाल, सुलेमान जोजो, समन्वयक रविकांत मिश्रा, जीएनएम प्राचार्या एरेन बेक, एएनएम प्राचार्या निशि डुंगडुंग, एकेडमिक इंचार्ज अल्बिना टोपनो इसके अलावा कविता कुमारी ,रिचा हेंब्रम, अमृता लवली, वंदना धनवार, आईवी सुप्रभा, खुशबू कुमारी, सरिता कैथा, लीलावती साहू, माटिल्डा, प्रिया, रवि वर्मा सहित संस्थान की सभी नर्सिंग छात्राएं मौजूद थी। कार्यक्रम का मंच संचालन जी.एन.एम की छात्रा अलका तथा ए.एन.एम. छात्रा मनीषा ने किया। मौके पर एएनएम तथा जीएनएम की सभी छात्राएं मौजूद रही।

Translate »
error: Content is protected !!