सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ कुमार ने लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर सिमडेगा कॉलेज, सिमडेगा में बन रहे पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया।इस दौरान उक्त पदाधिकारियों ने कॉलेज के विभिन्न कमरों का निरीक्षण कर पोलिंग पार्टी, सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत अन्य के बैठने की व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिये। वहीं कॉलेज कैंपस में पोलिंग पार्टी संग ईवीएम वीवीपैट के डिस्पैच, वाहनों की पार्किंग, मतदान के लिये जरूरी आवश्यक सामग्री वितरण करने के क्षेत्र को भी चिन्हित कर कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये। कार्यपालक अभियंता एवं कार्यपालक पदाधिकारी को कॉलेज कैंपस के मैदान में टेंट लगाने समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी एसओपी का अनुपालन करते हुये प्राथमिकता के आधार पर तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने अच्छे से सभी कार्य को सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने को कहा जिससे कि पोलिंग पार्टियों को डिस्पैच के दिन किसी प्रकार का परेशानी ना हो।मौके पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, आईटीडीए निदेशक सरोज तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी ओमप्रकाश यादव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीआरडीए डायरेक्टर रवि किशोर राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नियोजन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा अजय कुमार सिंह अध्यक्षता में लोकसभा आम चुनाव 2024 के निमित्त मतदान केंद्रों में न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई।बैठक में उपायुक्त ने प्रखंडवार सभी मतदान केन्द्रों पर शत्-प्रतिशत न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने संबंधी कार्यों की समीक्षा किया। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर संचालित कार्यों को ससमय पूर्ण कराने की बात कहीं। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने का कहा और जहां कोई कमी है, इसे समय रहते अविलंब दुरुस्त कराते हुए इसका प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं बैठक के दौरान दिव्यांग मतदाताओं का मतदाता सूची में शत्- प्रतिशत निबंधन एवं मैपिंग कराना सुनिश्चित करने तथा मतदान दिवस के दिन दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर आवागमन हेतु निःशुल्क परिवहन की व्यवस्था के संदर्भ में आवश्यक एवं समुचित दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी मतदान केन्द्रों पर स्थायी रैम्प की व्यवस्था करने, मतदान केन्द्रों पर महिला, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए अलग कतार एवं मतदान में प्राथमिकता की व्यवस्था, मतदान केन्द्रों पर आवश्यकता के अनुरूप व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन तिर्की, एलआरडीसी अरुणा कुमारी सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
जलडेगा: प्रखण्ड के विलियम लुगुन चौक पर शहीद विलियम लुगुन की स्मृति में उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। हर वर्ष 26 और 27 मार्च को विलियम लुगुन चौक पर शहीद की स्मृति में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। परंतु इस वर्ष आदर्श आचार संहिता को देखते हुए कोई भी कार्यक्रम का आयोजन समिति द्वारा नही किया गया। वहीं शहीद की स्मृति में उनके परिवार जनों और उनके जीवनकाल के साथियों द्वारा शहीद की कब्र स्थल पर पारंपरिक पूजा अर्चना किया गया उसके बाद विलियम लुगुन चौक पर शहीद विलियम लुगुन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। मौके पर पूर्व मुखिया जयमिला लुगुन , शहीद विलियम लुगुन की धर्मपत्नी सिलबिसी लुगुन, ग्राम प्रधान इरेनियुस लुगुन, रेयाड़न लुगुन, बिरसु लुगुन,एवं शहीद के जीवनकाल के साथी ढ़ोलो सिंह , मसकल्याण समद उपस्थित थे।
बानो -बानो बस स्टैंड ,स्टेशन रोड जगहों में आवारा पशुओं के जमवाड़ा से वाहन चालक व दुकानदार परेशान है। प्रखण्ड मुख्यालय के मुख्य पथ पर जगह जगह गाय बैलों के जामवड़े से वाहन चालक व दुकानदार परेशान हैं।सड़को पर पशु के रहने से दुर्घटना का डर बना रहता है।इसी तरह स्टेशन रोड में भी जगह जगह पशुओं के रहने से कई बार दुर्घटना हो चुकी हैं।वाहन चालक ट्रेन पकड़ने के लिये जल्दी जल्दी स्टेशन की ओर जाते हैं ,ऐसे में गाय -बकरियों के सड़क पर रहने से दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती हैं।ग्रामीणों ने इस सम्बंध में मुखिया व प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की जाम हटाया जाए।
बोलबा: प्रखण्ड के आलिंगुड़ पहाड़ टोली में आयोजित मटका फोड़ प्रतियोगिता में समसेरा की टीम अपने पहले प्रयास में ही मटका फोड़कर खिताब अपने नाम कर लिया। समसेरा टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। पिछले साल भी यह टीम मटका फोड़ प्रतियोगिता में विजयी हई थी। कार्यक्रम की शुरूआत समसेरा मुखिया सुरजन बड़ाईक, मालसाड़ा मुखिया विनोद बड़ाईक, बोलबा थाना एएसआई टोपनो सर के द्वारा सामूहिक रूप से फीता काटकर की गई। इसके बाद आलिंगुड़ और आलिंगुड़ पहाड़ टोली की टीम को सबसे पहले मटका फोड़ने का मौका मिला, आलिंगुड़ और आलिंगुड़ पहाड़ की टीम मटका फोड़ने में असफल रही। उसके बाद समसेरा की टीम को मौका मिला। समसेरा की टीम अपने पहले प्रयास में ही मटका फोड़कर खिताब अपने कर लिया।कार्यक्रम को सफल आयोजन में उपमुखिया सियाबर सिंह, पारस सिंह,भानू प्रताप सिंह, रामचन्द्र सिंह, सुदन सिंह, राधेश्याम सिंह,बुलेश्वर सिंह, किशोर कुमार सिंह, पंकज सिंह दिगंबर सिंह, सुरजा सिंह सहित आलिंगुड़ पहाड़ टोली के सभी कमिटी के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
सिमडेगा:जंगली सुअर द्वारा ग्रामीणों में हमला किये जाने की सूचना पर विधायक भूषण बाड़ा तत्काल पिथरा गांव पहुँचे। साथ दहशत के साये में जी रहे ग्रामीणों से मुलाकात की। विधायक ने ग्रामीणों से पूरे घटना की जानकारी ली। साथ ही विधायकों के साथ हर पल खड़ा रहने का भरोसा जताया। विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों से दुरभाष में बात कर जंगली सुअर को जल्द से जल्द पकड़ने का निर्देश दिया। मौके पर विधायक ने वन विभाग के कर्मियों को जंगली सुअर को पकड़ने तक 24 घंटे गांव में ही पहरा देने का भी सख्त निर्देश दिया। ताकि जंगली सुअर के हमले से अन्य किसी भी ग्रामीणों को नुकसान न उठाना पड़े। विधायक ने कहा कि जंगली सुअर दिखाई दे तो ग्रामीण उसे न छेड़ें। किसी भी ग्रामीणों के घर मे शरण लें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सचेत रहें। जंगली सुअर दिखाई देते ही तत्काल वन विभाग को एवं उन्हें सूचना देने की अपील की। ताकि जल्द से जल्द जंगली सुअर को पकड़ा जा सके। साथ ही ग्रामीणों को जान माल की क्षति होने से बचाया जा सके। विधायक के साथ जिप सदस्य जोसिमा खाखा, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, लीला नाग, विधायक प्रतिनिधि अरविंद लुगुन आदि उपस्थित थे।
घायल पड़े चार अन्य ग्रामीणों को भेजवाया अस्पताल
विधायक के गांव पहुंचने पर बताया गया कि जंगली सुअर के हमले से चार अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों को स्वयं कुर्सी में लादकर घायलों को अस्पताल भेजवाने में सहयोग किया। इसके बाद वे गांव में ही ग्रामीणों की पहरेदारी में अपने कार्यकर्ताओं के साथ डटे रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नहीं घबराने का सांत्वना दी।
सिमडेगा:सदर थाना क्षेत्र के पिथरा पंचायत के अलग-अलग टोलियों में लोग होली की तैयारी में जुटे ही थे कि एक जंगली सूअर ने हमला कर एक व्यक्ति की जान ले ली। वहीं छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मृत व्यक्ति का नाम निकोलस टोप्पो है। वह पिथरा माईघाट का रहने वाला है।घायलों में पिथरा ढावठाटोली निवासी अमित किड़ो,पिथरा लेदनटोली के निवासी फुलजेम्स किंडो व मनोज टोप्पो, पिथरा नवाटोली की निवासी माइकल डुंगडुंग, कोंनबेगी मुंडलटोली निवासी संजय कुजूर व बाघचट्टा निवासी ललित कुजूर शामिल है।इधर घटना के बाद स्वजनों ने घायलों को सदर अस्पताल में लाया है, जहां चिकित्सक के द्वारा इलाज किया जा रहा है। इधर सूचना मिलने के बाद वन विभाग के पदाधिकारी-कर्मी भी सदर अस्पताल पहुंच चुके हैं। वन विभाग के द्वारा घायल को सहायता स्वरूप 5 हजार की राशि दी गई।इधर ग्रामीण दीपक ने बताया कि लोग सुबह में पर्व की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी दौरान एक बड़े आकार के जंगली सूअर ने हमला कर एक की जान ले ली। भागने के क्रम में वह छह लोगों को घायल कर दिया।इधर जंगली सूअर के आने व हमले से गांव में भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने को लेकर बदहवास रहे।डीएफओ विकास कुमार ने बताया कि घायलों को मदद देने की कोशिश की जा रही है।विदित हो कि पिथरा पंचायत क्षेत्र में पूर्व में जंगली हाथी भी आते रहे हैं। वहीं इन इलाकों में अभी जंगली सूअर यदा-कदा आकर नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन यह पहली घटना है जब जंगली सूअर ने बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया है।इधर रेंजर एसएस चौधरी ने बताया कि मृतक के स्वजन को 10 हजार तथा घायलों को 5-5 हजार की राशि दी गई है।
सिमडेगा :रंगों का त्योहार होली जिले में उमंग, उत्साह और अमन का पैगाम लेकर आया एवं मंगलवार को लोगों ने जमकर होली खेली और एक दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दी। रंगो की बौछार में लोगो ने आपसी बैर भाव को धो दिया और खुलकर गले मिले। अमीर गरीब सभी लाल, पीले और अन्य चटख रंगों से रंगे रहे। होली का त्योहार अमीरों और गरीबों के बीच भी सौहार्द्र का पुल बना। महिलाएं और बच्चे भी पीछे नहीं रहे। शहर की गालियों में इनकी टोलियां होली का हुड़दंग मचाती रहीं। शाम को अबीर गुलाल का दौर चला। लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और बड़े बुजुर्गों को प्रणाम कर उनका आर्शीवाद लिया। इससे पहले फाल्गुन पूर्णिमा की रात शहर के श्रीरामजानकी मंदिर, यूथ कम्बीनेशन, गांधी मैदान, प्रिंस चौक, कुंज नगर, सदर अस्पताल के निकट और अन्य जगहों में होलिका दहन किया गया। लोगो ने चने के पौधों को इस आग में सेंककर प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया।
इधर ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचल में रंगों का त्योहार होली सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। मौके पर प्रखंड मुख्यालय में शिव मंदिर परिसर और ब्लॉक कलोनी में विधि-विधान पूर्वक पूजन-अनुष्ठान के साथ होलिका दहन किया गया। सोवार की प्रातः से ही बच्चो और युवाओं की टोली का एक दूसरे पर रंग डालते देखा गया। अपराह्न के बाद लोगों को एक दूसरे का अबीर-गुलाल लगा होली का बधाई देते देखा गया। मौके पर दूसरे धर्म के अनुयायी भी आपसी एकता मिसाल दिखाते हुए लोगों को होली की बधाई दी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी सच्चिदानंद गुप्ता पुलिस बल के साथ मुस्तैद देखे गए। बोलबा मुख्यालय में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगो ने एक दूसरे को रंग अबीर लगा कर होली का बधाई दी। वहीं पर्व को लेकर पुलिस बल लगातार गश्त करते देखे गए। जलडेगा मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंगलवार की सुबह से ही युवाओ और बच्चों की टोली घूम-घूम कर एक दूसरे को रंग अबीर लगाते देखे गए। वहीं लोगो ने एक दूसरे को होली की बधाई दी। वहीं बांसजोर, ओड़गा, कोनमेरला आदि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगो ने जमकर होली खेली। वहीं एक दूसरे को होली की बधाई भी दी। कुरडेग प्रखंड के घाघमुंडा, लबडेरा, गाड़ियाजोर, कुटमाकछार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने जमकर होली खेलते नजर आए। विशेष कर बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। बानो में लचरागढ़, बानो में रंगो का त्योहार होली धूमधाम से मनाया गया। मौके पर लोगो ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। वही बार्ना राधा कृष्ण मंदिर में भी होली महोत्सव में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इधर कोलेबिरा में शांति और भाईचारे का संदेश होली प्रखंड में काफी हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। इससे एक दिन पूर्व ग्रामीणों ने बरवाडीह मोड़, पुजार टोली, भंरपहाड़ रोड, थाना मोड़, बस स्टैंड आदि के पास होलिका दहन का कार्यक्रम किया। लोगों के द्वारा घर घर जाकर लकड़ी मांगी गयी, जिससे होलिका दहन का आयोजन किया गया। सुबह होते ही रंग खेलने वालो की टोली छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट कर होली गाते और एक दूसरे पर रंग गुलाल मलते हुए गले मिलकर होली की बधाई दी। इस असर पर बच्चो में विशेष उत्साह दिखा। युवकों के द्वारा मटका फोड़ का भी आयोजन किया गया। होली पर्व पर मुर्गा व खस्सी मीट की भी जम कर बिक्री हुई। हालांकि खस्सी विक्रेताओं ने पर्व के दिन 650 रु प्रति किलो की दर से खस्सी मीट बेचते देखे गए। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मुस्तैद देखे गए। इधर पाकरटांड़ प्रखंड के बसतपुर, कोबांग, भादुरटोली, टकबा, केशलपुर, रामरेखा, कैरबेड़ा आदि गांव में भी ग्रामीणों ने धूमधाम से होली खेलते हुए एक दूसरे को बधाई दी। वहीं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहे।
तामड़ा गांव में दिखी अनोखी होली
सिमडेगा सदर प्रखंड अंतर्गत ताम्र गांव में होली का पर्व का एक अलग ही इतिहास रहा है ,जहां पर सुबह से ही नगर कीर्तन का आयोजन करते हुए फगुआ के रंग में पूरे गांव के लोग रंगे हुए नजर आए। गांव में अपने से बड़ों को विधिवत रूप से आशीर्वाद लेते हुए रंग गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी ,इस दौरान जमकर नाचते गाते हुए होली पर्व का आनंद लिया। बताया गया कि गांव में नगर कीर्तन पूरे जिले में सबसे ऐतिहासिक तरीके से की जाती है जहां पर सभी लोग प्रत्येक घर में भजन चैता गायन गाते हुए लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हैं वहीं इस मौके पर गांव के सभी बड़े छोटे मौजूद रहे और घर-घर नगर कीर्तन रात 2:00 बजे तक लगातार गाया गया, जिसके बाद धूमधाम के साथ होली का पर्व संपन्न हुई।