चैनपुर में तीन लैंपस का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा ₹24.50 प्रति किलो धान का मूल्य

चैनपुर: चैनपुर प्रखंड मुख्यालय चैनपुर में सोमवार को प्रखंड के तीन महत्वपूर्ण लैंपस कार्यालयों – छीछवानी, बरवेनगर, और कुरूमगाड़ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन केंद्रों के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को उनकी धान की फसल का उचित मूल्य मिलना सुनिश्चित हो गया है।चैनपुर प्रखंड परिसर में स्थित छीछवानी लैंपस पैक्स का उद्घाटन उप प्रमुख प्रमोद खलखो और अंचल अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।कुरूमगाड़ लैंपस कार्यालय का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, थाना प्रभारी मोहन सिंह,बीटीएम राजेंद्र तिर्की, और कृषि पदाधिकारी विश्वरम केवट ने विधिवत तरीके से संपन्न किया।उद्घाटन के मौके पर उपस्थित अतिथियों ने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपनी धान की बिक्री स्थानीय बाजारों में बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि: “इस लैंपस केंद्र में किसानों को धान का ₹24.50 पैसे प्रति किलो के दर पर मूल्य दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें बोनस भी मिलेगा। यह मूल्य बाजार की तुलना में काफी अधिक लाभदायक है।”अधिकारियों ने लैंपस केंद्र की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को बताया कि अपनी फसल धान की सही कीमत प्राप्त करने के लिए लैंपस केंद्र ही सबसे अच्छा विकल्प है।इस अवसर पर मुख्य रूप से उप प्रमुख प्रमोद खलखो, अंचल निरीक्षक, लैंपस अधिकारी, कुरूमगाड़ थाना प्रभारी मोहन सिंह, कई अंचल कर्मी, और कई स्थानीय किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अवैध बालू लदे हाईवा को ग्रामीणों ने पकड़ा, खनन विभाग पर उठे गंभीर सवाल

बानो प्रखंड में अवैध बालू निकासी का गोरखधंधा धड़ल्ले से जारी है। इन दिनों बालू माफिया बानो प्रखंड के विभिन्न बालू घाटों पर सक्रिय होकर योजनाबद्ध तरीके से रात के अंधेरे में अवैध बालू का उठाव कर रहे हैं।
इसी कड़ी में रविवार देर रात महाबूआंग थाना क्षेत्र अंतर्गत बेड़ारगी पंचायत के ग्रामीणों ने अवैध बालू से लदे एक हाईवा को पकड़ लिया। बताया गया कि ग्रामीणों द्वारा पूर्व में कई बार बालू माफियाओं को गांव क्षेत्र से बालू निकासी नहीं करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन माफिया ग्रामीणों की बातों को नजरअंदाज कर रात का फायदा उठाते हुए अवैध खनन कर रहे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बालू माफिया न सिर्फ राज्य के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा और अधिकारों की भी अनदेखी कर रहे हैं। इससे माफियाओं के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। वहीं, पूरे मामले में जिला खनन विभाग की चुप्पी पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे खनन विभाग और बालू माफियाओं की मिलीभगत की आशंका गहराती जा रही है।
ग्रामीणों ने पकड़े गए हाईवा को पंचायत भवन में खड़ा कर दिया है और स्पष्ट कर दिया है कि जब तक जिला खनन पदाधिकारी स्वयं गांव पहुंचकर हाईवा को जब्त नहीं करते, तब तक वाहन को छोड़ा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद बानो प्रखंड के बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, बड़े बालू माफिया क्षेत्र में छोटे ट्रैक्टर मालिकों को बालू उठाव की अनुमति नहीं देते और आए दिन उन्हें खनन विभाग के माध्यम से पकड़वाया जाता है। इससे छोटे ट्रैक्टर मालिकों में भी भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोयल नदी के बिरनी बेड़ा एवं लताकेल घाट से प्रतिदिन दर्जनों हाईवा द्वारा अवैध बालू उठाव किया जा रहा है। इस संबंध में खनन विभाग को जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने बैठक आयोजित की, जिसमें बालू घाटों पर ग्राम सभा के नियंत्रण की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में बालू घाटों पर माफियाओं का कब्जा है, जिसे हटाया जाना आवश्यक है। बैठक में बेड़ारगी पंचायत की मुखिया हेलेन तथा सांसद प्रतिनिधि अजीत कुंडलना भी उपस्थित रहे।

सिमडेगा में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान खरीद शुरू

 किसानों को मिलेगा ₹2450 प्रति क्विंटल एमएसपी

सिमडेगा : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान खरीद की प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 से शुरू कर दी गई है। जिले में धान खरीद का विधिवत शुभारंभ बानो प्रखंड के सिम्हातु लैम्पस में विधायक तोरपा सुदिप गुड़िया एवं उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बुजुर्ग माता-पिताओं के बीच कंबल का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में बानो प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।वहीं ठेठईटांगर प्रखंड के मेरोमडेगा लैम्पस में सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, मेरोमडेगा मुखिया, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से धान खरीद का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा अन्य लैम्पसों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई।इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने धान खरीद व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों और लैम्पस प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए तथा पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।राज्य सरकार द्वारा धान क्रय हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 2450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान विक्रय के 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। जिले में कुल 16 चयनित लैम्पसों के माध्यम से धान खरीद की जानी है, जिसमें प्रथम दिन 12 लैम्पसों में खरीद प्रारंभ की गई। इनमें सिमडेगा प्रखंड के अरानी, ठेठईटांगर के मेरोमडेगा एवं पाईकपारा, कुरडेग के कुरडेग, चड़रीमुण्डा एवं डुमरडीह, पाकरटांड़ के क्रूशकेला, कोलेबिरा के रसिया, बानो के सिम्हातु एवं गेनमेर तथा जलडेगा के टिनगिना एवं परबा लैम्पस शामिल हैं।डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ई-उपार्जन मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है, जिसे ई-उपार्जन पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके माध्यम से किसान स्वयं पंजीकरण, स्लॉट बुकिंग और भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सभी क्रय केंद्रों पर 4G सक्षम ई-पॉस मशीनों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।जो किसान अब तक ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे ई-उपार्जन पोर्टल या नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपने नजदीकी लैम्पस में ही धान बेचें और बिचौलियों के झांसे में आकर कम दाम पर धान न बेचें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन 1967 या 18002125512 पर संपर्क कर सकते हैं।

हुरदा में आदिवासी लोहरा समाज की बैठक, तीन पंचायतों में हुआ पुनर्गठन

बानो: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हुरदा थाना के समीप स्थित मैदान में आदिवासी लोहरा समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता योगेन्द्र तिर्की ने की। यह बैठक जिला इकाई सिमडेगा की जिला कमेटी के दिशा-निर्देश पर आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य जिले के विभिन्न पंचायतों में समाज के संगठनात्मक विस्तार को गति देना है।बैठक के दौरान बानो प्रखंड के रायकेरा, जामतई एवं गेनमेर पंचायत में आदिवासी लोहरा समाज का सर्वसम्मति से पुनर्गठन किया गया। पुनर्गठन के तहत अध्यक्ष पद पर योगेन्द्र तिर्की, उपाध्यक्ष राममोहन लोहरा, सचिव दिलीप लोहरा, उपसचिव तिलेश्वर लोहरा तथा कोषाध्यक्ष सोमरा लोहरा का चयन किया गया।बैठक में समाज से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पहला, धर्मांतरण को एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा गया कि इससे आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और रूढ़िवादी मान्यताएं प्रभावित हो रही हैं, जिन्हें संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है। दूसरा, समाज की सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक सुरक्षा को शीघ्र सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। तीसरा, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को अत्यधिक जटिल बताया गया, जिससे पारंपरिक आदिवासी लोहरा समाज के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में आदिवासी लोहरा समाज के शुभचिंतक सुखन तिर्की, जिला उपाध्यक्ष सुनील बरवा, प्रखंड कमेटी सचिव कांति देवी, बांकी पंचायत अध्यक्ष बहुरन लोहरा, सचिव हेमंत लोहरा, सहुबेड़ा पंचायत अध्यक्ष बंधन लोहरा सहित तीनों पंचायतों के बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

कोलेबिरा : रैसिया पंचायत में धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन

कोलेबिरा: प्रखंड अंतर्गत रैसिया पंचायत में सोमवार को धान अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी दी और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में धान बेचने के लिए संपर्क में रहने की अपील की।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र के माध्यम से सीधे किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाएगी तथा बिचौलियों से सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही धान की खरीद होगी।धान खरीदी को लेकर बताया गया कि रसिया पंचायत से कुल 996 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इस केंद्र के लिए 12,500 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि लैंप्स के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा किसानों को समय पर सूचना और मैसेज नहीं भेजे जाने के कारण उद्घाटन के दिन किसान उपस्थित नहीं हो सके। इसके अलावा विभागीय निर्देश के अनुसार लैंप्स में सीसीटीवी कैमरा अब तक नहीं लगाए जाने के कारण भी धान की खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।अधिकारियों ने बताया कि धान बेचने के 48 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भुगतान की राशि भेज दी जाएगी। इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य 2,450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

सिमडेगा : पारिवारिक विवाद में जेंडर बरला पर जानलेवा हमला, सदर अस्पताल में भर्ती

सिमडेगा:सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा सिमडेगा जिला सचिव सफीक खान सदर अस्पताल सिमडेगा पहुंचे, जहां उन्होंने पिथरा पंचायत के बड़कीछापर टांगरटोली निवासी जेंडर बरला से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने बताया कि गांव में बीती रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जेंडर बरला के परिवार ने गांव के ही करण बरला और उसके परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला करने और घर में लूटपाट करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़ित परिवार के अनुसार, रविवार देर रात करण बरला के पूरे परिवार ने जेंडर बरला की पत्नी मनीषा बरला और बेटियों मीना बरला व रीना बरला के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए तीनों किसी तरह वहां से भागकर छिप गए। इसके कुछ देर बाद जब जेंडर बरला बाइक से अपने घर के आंगन पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें मरा समझकर छोड़ दिया।सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल जेंडर बरला को सदर अस्पताल सिमडेगा में भर्ती कराया। इलाजरत जेंडर बरला के दोनों पैर टूटे हुए हैं, सिर फटा हुआ है और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के बाद आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर लूटपाट की।मामले को लेकर जिला सचिव सफीक खान ने थाना प्रभारी से बात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की तथा पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मौके पर झामुमो नगर अध्यक्ष अनस आलम, नगर सचिव बीरबल महतो, नगर उपाध्यक्ष किशोर केरकेट्टा, सिमडेगा प्रखंड सचिव मिनहाज राजन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

झारखंडी संस्कृति पर आधारित शॉर्ट फिल्म का निर्माण शुरू

सिमडेगा:झारखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकजीवन और सामाजिक पहचान को सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत करने वाली एक नई शॉर्ट फिल्म का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह फिल्म झारखंडी समाज की आत्मा, परंपराओं और जमीनी संघर्षों को उजागर करने का प्रयास है। फिल्म की शूटिंग पश्चिम बंगाल में की जा रही है, जबकि संवाद और गीतों की भाषा ठेठ नागपुरी और सादरी के मिश्रण में रखी गई है, जिससे झारखंड की माटी की खुशबू पर्दे पर जीवंत हो सके।फिल्म के मुख्य स्तंभ सिमडेगा निवासी सत्या महतो हैं, जो सिंगर, अभिनेता, निर्देशक और गीतकार की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके साथ अभिनेता के रूप में सुबास महतो नजर आएंगे। फिल्म की नायिका मोनिका महतो हैं। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी आतिफ अकाब संभाल रहे हैं।फिल्म का विशेष आकर्षण झारखंडी संस्कृति पर आधारित गीत है, जिसकी रिकॉर्डिंग अपोमा स्टूडियो में की गई है। रिकॉर्डिंग अनुकेत द्वारा की गई है। संगीत संयोजन में पेड पर अनुकेत, बांसुरी पर सिवप्रताप और कीबोर्ड पर विशाल महली ने पारंपरिक और आधुनिक संगीत का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया है।फिल्म की कहानी झारखंड की मिट्टी, आम लोगों के जीवन, उनके संघर्ष और पहचान से जुड़े भावनात्मक पहलुओं पर आधारित है, जबकि इसका क्लाइमेक्स सस्पेंस में रखा गया है। वेश-भूषा में भी पारंपरिक धोती, गमछा, साड़ी और आदिवासी आभूषणों के माध्यम से झारखंडी संस्कृति को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

क्रिसमस पर्व एवं क्रिसमस गैदरिंग मेला को लेकर जिला शांति समिति की बैठक संपन्न

शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ पर्व मनाने का लिया गया संकल्प

सिमडेगा:- क्रिसमस पर्व 2025 एवं 17 से 19 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने वाले क्रिसमस गैदरिंग मेला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक समाहरणालय सभागार में उपायुक्त,सिमडेगा  कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक  एम. अर्शी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई।बैठक में उप विकास आयुक्त  दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक आईटीडीए  सरोज तिर्की,  विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, फायर सेफ्टी, मेला क्षेत्र में लगने वाले बड़े विद्युत झूलों का अनिवार्य सर्टिफिकेशन, विधि-व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सीसीवाईए एवं कार्निवल आयोजन समिति की ओर से जानकारी दी गई कि 17 दिसंबर 2025 से तीन दिवसीय क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन शहर के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, सिमडेगा में किया जाएगा।

आयोजन के पहले दिन 17 दिसंबर को सुबह 11 बजें भव्य कार्निवल शोभायात्रा एवं लाइव कैरोल का आयोजन होगा। यह शोभायात्रा अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, सिमडेगा से प्रारंभ होकर झूलन सिंह चौक, महावीर चौक एवं मेन रोड होते हुए पुनः अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में समाप्त होगी। शोभायात्रा के दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने का अनुरोध किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इस शोभायात्रा में जिले भर के युवा बड़ी संख्या में भाग लेंगे।इसी दिन शाम 4 बजे से क्रिसमस गैदरिंग मेला का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। 18 एवं 19 दिसंबर को मेला परिसर में गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी, पेट्रोलिंग एवं आपातकालीन व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में धर्मगुरुओं ने बताया कि 24 दिसंबर की रात्रि एवं 25 दिसंबर की सुबह में सामटोली, घोंचोटोली, खूंटीटोली, बुधराटोली सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त नववर्ष के अवसर पर 31 दिसंबर की रात्रि एवं 1 जनवरी की सुबह भी चर्चों में प्रार्थना सभाएं होंगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है। इन सभी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था एवं पार्किंग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कई चर्च जाने वाले रास्ते काफी जर्जर अवस्था में है जिसे धर्मगुरुओं द्वारा यथाशीघ्र मरम्मति करने का अनुरोध किया गया है जिससे लोगों को आगमन करने में किसी प्रकार की असुविधा ना हो।प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया कि चूंकि क्रिसमस गैदरिंग मेला रिहायशी क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है, इसलिए साउंड सिस्टम नियंत्रित ध्वनि स्तर में रखा जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए सभी आयोजक प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।अंत में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने जिलेवासियों को क्रिसमस 2025 एवं नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक में सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, धर्मगुरु एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

प्रेम, सेवा, सद्भाव और शांति का संदेश देता है क्रिसमस : विधायक सुदीप गुड़िया

क्रिसमस गैदरिंग हंसी-खुशी और खुशियां बांटने का पर्व : उपायुक्त कंचन सिंह 

बानो: मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बानो में सोमवार को क्रिसमस गैदरिंग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान की छात्र-छात्राओं एवं शिक्षिकाओं द्वारा कार्यक्रम को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुदीप गुड़िया, विशिष्ट अतिथि उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह, अतिथि फादर विजय, डॉ. मोहित सवैया तथा संस्थान के निदेशक डॉ. प्रह्लाद मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति रही।मुख्य अतिथि विधायक सुदीप गुड़िया ने क्रिसमस को प्रेम, सेवा और शांति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्र बानो में मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग का संचालन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है।विशिष्ट अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि क्रिसमस हंसी-खुशी और खुशियां बांटने का पर्व है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में अनुशासन अपनाने, लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने, नशे से दूर रहने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।अतिथि फादर विजय ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति और सौहार्द का त्योहार है, जो हमें दया, करुणा और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। वहीं डॉ. मोहित सवैया ने जीसस के प्रेम और करुणा को जीवन में अपनाने, नशे से दूर रहने तथा एक-दूसरे का सम्मान करने का संदेश दिया।संस्थान के निदेशक डॉ. प्रह्लाद मिश्रा ने कहा कि क्रिसमस प्रेम और करुणा का संदेश देता है, जो जीवन में खुशियों का रंग भरता है।

उन्होंने सभी को क्रिसमस एवं नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंच संचालन जीएनएम की छात्रा अलका एवं एएनएम की छात्रा मनीषा ने किया।मौके पर एनडीसी समीर रैनियार खलखो, बीडीओ बानो नईमुद्दीन अंसारी, संस्थान की सचिव निभा मिश्रा, बिल्लू अग्रवाल, सुलेमान जोजो, समन्वयक रविकांत मिश्रा, जीएनएम प्राचार्या एरेन बेक, एएनएम प्राचार्या निशि डुंगडुंग, एकेडमिक इंचार्ज अल्बिना टोपनो इसके अलावा कविता कुमारी ,रिचा हेंब्रम, अमृता लवली, वंदना धनवार, आईवी सुप्रभा, खुशबू कुमारी, सरिता कैथा, लीलावती साहू, माटिल्डा, प्रिया, रवि वर्मा सहित संस्थान की सभी नर्सिंग छात्राएं मौजूद थी। कार्यक्रम का मंच संचालन जी.एन.एम की छात्रा अलका तथा ए.एन.एम. छात्रा मनीषा ने किया। मौके पर एएनएम तथा जीएनएम की सभी छात्राएं मौजूद रही।

सिमडेगा : भाजपा के 8 मंडलों के मंडल अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न

सिमडेगा:भारतीय जनता पार्टी सिमडेगा जिला कार्यालय में रविवार को संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के तहत मंडल अध्यक्षों का चुनाव सम्पन्न हुआ। चुनाव जिला चुनाव प्रभारी किशलय तिवारी की देखरेख में कराया गया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, चुनाव सह प्रभारी श्रद्धानन्द बेसरा एवं दुर्गविजय सिंहदेव की उपस्थिति में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।चुनाव प्रक्रिया के उपरांत जिन मंडलों के मंडल अध्यक्ष घोषित किए गए, उनमें बानो मंडल से बालमुकुंद सिंह, सिमडेगा नगर से कुमार चन्दन प्रसुन्न, पाकरटांड़ से सीताराम प्रसाद, केरसई से विकास कुमार, बीरु मंडल से कुलदीप मिश्रा, जलडेगा से जोगेश्वर बिंझिया तथा कोलेबिरा मंडल से अशोक इंदवार शामिल हैं। सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को पार्टी नेतृत्व द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।मौके पर नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना मंडल अध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। पार्टी की नीतियों एवं केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। चुनाव सम्पन्न होने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

Translate »
error: Content is protected !!